केन्द्र सरकार द्वारा 37.39 लाख टन चना एवं मसूर की खरीद की मंजूरी
28-Mar-2025 11:15 AM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा है कि सरकार 2024-25 के रबी सीजन के लिए अभी तक 37.39 लाख टन चना तथा मसूर की खरीद की स्वीकृति दे चुकी है। इसमें 27.99 लाख टन चना तथा 9.40 लाख टन मसूर की मात्रा शामिल है। इसके अलावा 28.28 लाख टन सरसों की खरीद की मंजूरी भी दी गई है।
इससे लाखों किसान लाभान्वित होंगे। दलहन-तिलहन की यह खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी और उत्पादकों को नियत समयावधि के अंदर उसके मूल्य का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा
केन्द्र सरकार की दो नोडल एवं प्राधिकृत एजेंसियां- नैफेड तथा एनसीसीएफ द्वारा खरीद प्रक्रिया का संचालन किया जाएगा।
राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात एवं अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों में किसानों से रबी कालीन दलहन-तिलहन की खरीद की जाएगी। कृषि मंत्री ने राज्य सरकारों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया है कि कोई भी खरीद एमएसपी से नीचे दाम पर न हो।
कृषि मंत्री के अनुसार मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के अंतर्गत अब तक किसानों से 2.46 लाख टन अरहर (तुवर) की खरीद की जा चुकी है जबकि खरीद की प्रक्रिया अभी जोर शोर से जारी है। तुवर की सरकारी खरीद से अभी तक 1.71 लाख किसान लाभान्वित हो चुके हैं।
तुवर, उड़द एवं मसूर की खरीद नौ राज्यों में करने की स्वीकृति दी गई है जिसमें आंध्र प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र भी शामिल है। आंध्र प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र एवं तेलंगाना में खरीद अभी जारी है।
उत्तर प्रदेश में भाव अभी एमएसपी से ऊपर चल रहा है। केन्द्र सरकार अपनी नोडल एजेंसियों के माध्यम से क्रय केन्द्रों पर पहुंचने वाले दलहनों की खरीद के लिए प्रतिबद्ध है।
कर्नाटक में खरीद की समय सीमा एक माह बढ़ाकर 1 मई नियत की गई है। वित्त वर्ष 2025-26 के केन्द्रीय आम बजट में तुवर, उड़द एवं मसूर की 100 प्रतिशत खरीद को अगले चार वर्षों तक जारी रखने की घोषणा की गई है
ताकि इसका उत्पादन बढ़ाने और देश को दलहनों के मामले में आत्मनिर्भर बनाने में सहायता मिल सके। रबी कालीन दलहनों-तिलहनों की सरकारी खरीद शीघ्र ही जोर पकड़ने वाली है जिसके लिए सरकारी एजेंसियां आवश्यक तैयारी कर रही हैं।
