केन्द्रीय पूल में चावल का स्टॉक बढ़ा- गेहूं का घटा

12-Feb-2025 08:28 PM

नई दिल्ली । भारतीय खाद्य निगम के स्वामित्व वाले केन्द्रीय पूल में 1 जनवरी 2025 के मुकाबले 1 फरवरी 2025 को चावल का स्टॉक 290.92 लाख टन से उछलकर 340.06 लाख टन पर पहुंचा जबकि गेहूं का स्टॉक 184.11 लाख टन से घटकर 161.74 लाख टन रह गया।

चावल के बेहतर भंडार की वजह से इस अवधि में खाद्यान्न का कुल स्टॉक भी 475.03 लाख  टन से बढ़कर 501.47 लाख टन हो गया। लेकिन मोटे अनाजों का भंडार 1.82 लाख टन से गिरकर 1.53 लाख टन पर आ गया। 

गेहूं की सरकारी खरीद उम्मीद से काफी कम होने तथा नियमित निकासी जारी रहने से इसके स्टॉक में नियमित रूप से गिरवट आ रही है।

फरवरी तथा मार्च माह की निकासी के बाद इसका कितना स्टॉक बचता है यह देखना आवश्यक होगा भारी-भरकम खरीद का सिलसिला अप्रैल में ही आरम्भ हो सकेगा।

केन्द्र सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2023-24 सीजन के 2275 रुपए प्रति क्विंटल से 150 रुपए बढ़ाकर 2024-25 सीजन के लिए 2425 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है और राजस्थान तथा मध्य प्रदेश में इससे ऊपर किसानों को अतिरिक्त बोनस भी दिया जाएगा

लेकिन फिर भी अपेक्षित मात्रा में इसकी सरकारी खरीद होने में संदेह है 1 फरवरी 2024 को केन्द्रीय पूल में 132.66 लाख टन गेहूं एवं 210.25 लाख टन चावल का स्टॉक उपलब्ध था।