केन्द्रीय पूल में खाद्यान्न का स्टॉक गत वर्ष से काफी ज्यादा

17-Apr-2026 05:57 PM

नई दिल्ली। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के आंकड़ों से ज्ञात होता है कि 1 अप्रैल 2026 को केन्द्रीय पूल में 386 लाख टन चावल एवं 218 लाख टन गेहूं के साथ कुल 604 लाख टन खाद्यान्न का स्टॉक मौजूद था जो 1 अप्रैल 2025 को उपलब्ध स्टॉक 500 लाख टन से काफी ज्यादा है।

गत वर्ष की समान अवधि में केन्द्रीय पूल में 382 लाख टन चावल तथा 118 लाख टन गेहूं का स्टॉक मौजूद था। 1 अप्रैल 2026 से गेहूं की सरकारी खरीद का नया मार्केटिंग सीजन औपचारिक तौर पर आरंभ हो गया। 

केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने चालू रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान 303.37 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य रखा है। हालांकि कुछ खास कारणों से फिलहाल खरीद की गति धीमी चल रही है लेकिन आगामी समय में इसकी रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है।

प्रमुख उत्पादक राज्यों में फसल की कटाई तेजी से हो रही है जबकि प्राकृतिक आपदाओं और खासकर बेमौसमी वर्षा के प्रकोप का खतरा अब भी बरकरार है। कुछ राज्यों में रबी कालीन धान की खरीद का सीजन भी आरंभ हो गया है।

केन्द्रीय पूल में गेहूं का मौजूदा स्टॉक न्यूनतम आवश्यक बफर मात्रा से काफी अधिक है। अप्रैल-जून की तिमाही के लिए केन्द्रीय पूल में कम से कम 75 लाख टन गेहूं का स्टॉक अवश्य रहना चाहिए।

इसमें 44.60 लाख टन का संचालनीय स्टॉक तथा 30 लाख टन का रिजर्व (रणनीतिक आरक्षित) स्टॉक शामिल है। इसके मुकाबले 1 अप्रैल को केन्द्रीय पूल में 218 लाख टन गेहूं का स्टॉक उपलब्ध था जबकि आगे यह स्टॉक जून तक निरन्तर बढ़ने की संभावना है। इसी तरह चावल का भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इसकी मात्रा भी आगे बढ़ती रहेगी।