कर्नाटक में तुवर खरीद की समय सीमा 15 मई तक बढ़ी
20-Apr-2026 12:38 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश में बाजार हस्तक्षेप स्कीम के तहत 6500 रुपए प्रति टन की दर से 20 लाख टन आलू खरीदने की घोषणा करते हुए कर्नाटक में तुवर (अरहर) की खरीद के लिए समय सीमा को 30 दिन बढ़ाकर 15 मई 2026 तक नियत कर दिया है। उधर आंध्र प्रदेश में चना की खरीद की घोषित मात्रा भी बढ़ा दी गई है।
उल्लेखनीय है कि कर्नाटक सरकार द्वारा फिलहाल किसानों से 8000 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर तुवर की खरीद की जा रही है। उधर आंध्र प्रदेश सरकार ने केन्द्र के पास 94,500 टन से अतिरिक्त चना की खरीद करने का प्रस्ताव भेजा था जिसे मंजूरी मिल गई है।
तुवर और चना की खरीद मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत की जा रही है। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश में चना खरीद की कुल स्वीकृत मात्रा बढ़कर 1,13,250 टन पर पहुंच गई है। चना (देसी) का न्यूनतम समर्थन मूल्य इस बार 5875 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
कर्नाटक तुवर का एक अग्रणी उत्पादक राज्य है। वहां खरीद की समय सीमा बढ़ने से किसानों को अपना माल बेचने का अतिरिक्त समय मिल गया है। जोरदार आपूर्ति एवं कमजोर मांग के कारण तुवर की कीमतों पर दबाव पड़ने लगा था।
