कृषि मंत्री की अपील पर पंजाब के किसान नेता का अनशन खत्म

07-Apr-2025 12:53 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई अपील के बाद पंजाब में अनिश्चित कालीन आमरण अनशन कर रहे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने अपना अनशन 5 अप्रैल 2025 को समाप्त कर दिया। उल्लेखनीय है कि किसान नेता ने 26 नवम्बर 2024 से अपनी मांग के साथ भूख हड़ताल शुरू की थी।

विभिन्न फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी देने की मांग पर जब सरकार तथा किसान संगठनों के बीच बातचीत में गतिरोध उत्पन्न हो गया तब इसे दोबारा आरम्भ करवाने हेतु सरकार पर दबाव डालने के लिए जगजीत सिंह ने भूख हड़ताल शुरू की थी। इससे खासकर पंजाब के किसानों में असंतोष बढ़ने लगा था। 

5 अप्रैल को केन्द्रीय कृषि मंत्री ने मध्य प्रदेश से एक अपील जारी की थी जिसे वरिष्ठ किसान नेता की भूख हड़ताल को समाप्त करने का मजबूत आधार या प्रयास माना जा रहा है।

किसान संगठनों एवं सरकार के बीच हुई पिछली कुछ बैठकों में कोई ठोस नतीजे पर सहमति नहीं बन सकी थी और उसके बाद बातचीत का दौर भी बंद हो गया।

किसान नेता चाहते थे कि यह वार्तालाप की प्रक्रिया पुनः शुरू हो और इसलिए उन्होंने भूख हड़ताल का सहारा लिया। पिछली मीटिंग में भी सरकार ने डल्लेवाल से भूख हड़ताल (आमरण अनशन) समाप्त करने की अपील की थी लेकिन उन्होंने इससे इंकार कर दिया। सरकार के समक्ष विकट स्थिति उत्पन्न हो गई थी।

अब कृषि मंत्री की विशेष अपील के बाद जगजीत सिंह डल्लेवाल द्वारा भूख हड़ताल समाप्त किए जाने से सरकार ने राहत की सांस ली।

यदि उन्हें कुछ हो जाता तो जबरदस्त हंगामा आरंभ हो सकता था और सरकार की चौतरफा आलोचना हो सकती थी। कृषि मंत्री ने अपनी अपील में कहा था कि किसान संगठनों और सरकार के बीच बातचीत की प्रक्रिया जारी है।

अब जगजीत सिंह जी अस्पताल से वापस आ गए हैं। उनके जल्दी स्वस्थ होने की उम्मीद है। उनसे आग्रह है कि वे अपनी भूख हड़ताल समाप्त करें। 4 मई को सुबह 11 बजे किसान संगठनों के साथ दोबारा बातचीत शुरू होगी। इसकी तिथि पहले ही निर्धारित की जा चुकी है।