खाद्य तेल कंपनियों को वोप्पा में पंजीकृत के साथ आंकड़ा उपलब्ध करवाने का निर्देश

23-Sep-2025 04:29 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने एक बार फिर खाद्य तेल के मैन्युफैक्चर्स, प्रोसेसर्स, टी-पैकर्स एवं अन्य सम्बन्धित उपक्रमों को आगाह किया है कि वो वैजिटेबल ऑयल प्रोडक्ट्स,

प्रोडक्शन एंड अवेलेबिलिटी (वोप्पा) रेग्युलेशन आर्डर 2025 के तहत अपना रजिस्ट्रेशन तत्काल करवाएं और खाद्य तेलों के उत्पादन, वियतनाम तथा स्टॉक का मासिक विवरण परिष्कृत वोप्पा पोर्टल पर उपलब्ध करवाएं। 

स्वदेशी वनस्पति तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के शीर्ष संगठन- सेन्ट्रल ऑर्गेनाइजेशन फॉर ऑयल इंडस्ट्री एंड ट्रेड (कोएट) के अध्यक्ष बाबूलाल डाटा को भेजे एक पत्र में खाद्य मंत्रालय के अतिरिक्त महानिदेशक ने कहा है कि वर्ष 2017 के विनियमन आदेश को संशोधित करके 2025 में वोप्पा का नया रेग्युलेशन आर्डर लागू किया गया है।

जिसका उद्देश्य विनियमनों को मजबूत बनाना, खाद्य तेल उद्योग में आंकड़ा संग्रहण को सुधारना और कारोबार तथा बाजार में ज्यादा से ज्यादा पारदर्शिता लाना है। अब आंकड़ों का संग्रहण सांख्यिकी एकीकरण अधिनियम, 2008 के अंतर्गत किया जाएगा। इससे खाद्य तेलों के घरेलू उत्पादन, आयात तथा स्टॉक स्तर की निगरानी बेहतर ढंग से करने में सहायता मिलेगी

और सरकार सही समय पर नीतिगत उपाय लागू करने में सक्षम हो जाएगी। सरकार को पता रहेगा की खाद्य तेलों का आयात शुल्क को कब घटाना या बढ़ाना है और घरेलू प्रभाग में इसकी किस तरह आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाकर कीमतों को स्थिर रखना है। 

पत्र में कोएट के अध्यक्ष से आग्रह किया गया है कि जो क्रशर्स- प्रोसेसर्स एवं पैकेर्स अभी तक वोप्पा पर अपना पंजीकरण नहीं करवा पाये हैं उन्हें सूचित किया जाए कि वे 'नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम' (एनएसडब्ल्यूएस) के माध्यम से वोप्पा में अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

सात दिन के अंदर उन्हें वोप्पा रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट प्राप्त हो जाएगा और उसके बाद नियत समय पर अपग्रेडेड वोप्पा पोर्टल पर अपना मासिक ब्यौरा डालना शुरू कर सकते हैं।

यह सबके लिए आवश्यक है। जो कंपनियां पुराने वोप्पा पोर्टल का उपयोग करती रही हैं उन्हें भी अब नए पोर्टल पर अपना मासिक विवरण जमा करना होगा। इसे आसान बना दिया गया है।