मोबाइल वैन के जरिए भारत ब्रांड के उत्पादों की बिक्री पर रोक
14-Jun-2024 08:20 PM
नोएडा । केन्द्र सरकार की अधीनस्थ एजेंसी- राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ (एनसीसीएफ) ने पैनल में शामिल सभी मिलर्स तथा भारत ब्रांड उत्पादों के सीएसपी को पत्र भेजकर सूचित किया है कि दिनांक 1 जून 2024 से भारत ब्रांड उत्पादों की खुदरा बिक्री के दौरान नकद राशि के संदर्भ में (100 प्रतिशत यूपीआई) कोई भुगतान स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए
और इसलिए सम्बद्ध पक्षों से आग्रह किया जाता है कि वे मोबाइल वैन (गतिमान वाहनों) के माध्यम से इन उत्पादों की बिक्री बंद कर दें।
अब आगे भारत ब्रांड के उत्पादों की बिक्री केवल स्थिर बिंदुओं (स्थायी दुकान) अथवा खुदरा आउटलेट्स के माध्यम से ही की जाए। सम्बद्ध पक्ष अपने वितरक नेटवर्क के माध्यम से भी इन उत्पादों की बिक्री जारी रख सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि एनसीसीएफ एवं नैफेड तथा केन्द्रीय भंडार जैसी सरकारी एजेंसियों को भारत ब्रांड नाम के तहत सफेद (कच्चा) चावल, गेहूं आटा, चना दाल तथा प्याज आदि की खुदरा बिक्री का दायित्व सौंपा गया है जिसका मूल्य पहले से ही निर्धारित होता है।
सफेद चावल का दाम 29 रुपए प्रति किलो, आटा का दाम 27.50 रुपए प्रति किलो तथा चना दाल का दाम 60 रुपए प्रति किलो नियत किया गया है।
मोबाइल वैन के जरिए होने वाली बिक्री के तहत खरीदारों से नकद राशि में भुगतान प्राप्त किया जाता है जबकि रिटेल आउटलेट्स में ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध रहती है। एनसीसीएफ को आशंका है कि नकद भुगतान में कुछ गड़बड़ी या अनियमितता हो सकती है।
इस पत्र के बाद अब घुमंतू वाहनों के माध्यम से भारत ब्रांड के खाद्य उत्पादों की बिक्री बंद हो जाएगी मगर अन्य माध्यमों से इसकी बिक्री जारी रहेगी।
