मांग कमजोर रहने से कनाडा में मसूर का भाव लगभग स्थिर

28-Mar-2025 05:11 PM

रेगिना। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में मसूर का भाव काफी हद तक शांत या स्थिर हो गया है क्योंकि इसकी निर्यात मांग कमजोर पड़ गई है। अगली नई फसल की खरीद बिक्री के लिए होने वाले अग्रिम अनुबंध भी अब नीचे दाम पर होने लगे हैं।

वर्तमान स्टॉक की मोटी हरी मसूर का भाव एफओबी आधार पर 52-53 सेंट प्रति पौंड तथा छोटी हरी मसूर का भाव 46-47 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है। लाल मसूर की कीमत भी गिरकर 30 सेंट प्रति पौंड के आसपास आ गई है। 

आगामी नई फसल के तहत मोटी हरी मसूर का अनुबंध मूल्य करीब 45 सेंट प्रति पौंड तथा छोटी हरी मसूर का दाम 38 सेंट  प्रति पौंड पर आ गया है।

इसी तरह लाल मसूर की अगली फसल का मूल्य 27-28 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर है। इसका अनुबंध  अधिकांशतः सितम्बर- दिसम्बर डिलीवरी के लिए हो रहा है।

ध्यान देने की बात है कि कनाडा में अगले महीने से मसूर की बिजाई आरंभ होगी जो कमोबेश जून तक चलेगी। अगस्त से इसकी नई फसल तैयार होकर मंडियों में आने लगेगी और सितम्बर से इसकी आपूर्ति की रफ्तार तेज हो जाएगी। 

कनाडा में मसूर के बाजार को पिछले दो सप्ताहों से लगातार दबाव झेलना पड़ रहा है जिससे इसकी कीमतों में नरमी का माहौल बना हुआ है। यह देखना दिलचस्प होगा कि बाजार कब तक स्थिर हो पाता है।

भारत में 1 अप्रैल से मसूर पर 11 प्रतिशत का सीमा शुल्क लागू हो जाएगा जो बहुत ऊंचा तो नहीं है लेकिन फिर भी आयात खर्च को कुछ बढ़ा देगा।

उधर घरेलू प्रभाग में नई मसूर की आवक शुरू हो गई है और कीमत नीचे आ गई है। केन्द्र सरकार ने चालू रबी मार्केटिंग सीजन में 9.40 लाख टन मसूर की खरीद की अनुमति प्रदान की है।

इसकी खरीद 6700 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी। ऑस्ट्रेलिया में मसूर का निर्यात योग्य स्टॉक घटकर काफी नीचे आ गया है जबकि प्रमुख उत्पादक राज्यों में नई फसल की बिजाई के लिए मौसम की हालत भी अनुकूल नहीं है।

कनाडा में इस समय मसूर बाजार को समर्थन देने के लिए कोई ठोस आधार मौजूद नहीं है। तुर्की में एक- दो माह के बाद मसूर की नई फसल की कटाई शुरू हो सकती है। सरकार ने भारत में मसूर के बेहतर उत्पादन होने की संभावना व्यक्त की है।