महाराष्ट्र में एमएसपी पर 44 लाख क्विंटल रूई की खरीद

21-Mar-2025 03:41 PM

नागपुर। देश के एक अग्रणी कपास उत्पादक राज्य- महाराष्ट्र में 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर अब तक 44 लाख क्विंटल रूई की खरीद की जा चुकी है। यह खरीद केन्द्रीय एजेंसी- भारतीय कपास निगम (सीसीआई) द्वारा 18 मार्च 2025 तक की गई।

इससे हजारों किसानों को फायदा हुआ। महाराष्ट्र के विपणन (मार्केटिंग) मंत्री का कहना है कि कपास की खरीद अभी बंद नहीं हुई है और जब तक सीसीआई के क्रय केन्द्रों पर किसान अपना उत्पाद लाते रहेंगे तब तक उसकी खरीद भी जारी रहेगी।

महाराष्ट्र में कपास की खरीद के लिए सभी 124 क्रय केन्द्र अभी क्रियाशील हैं और सीसीआई के स्टाफ द्वारा वहां किसानों से रूई की खरीद की जा रही है। 

केन्द्र सरकार ने 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के लिए कपास का न्यूनतम समर्थन मूल्य मध्यम रेशे वाली श्रेणी के लिए 7121 रुपए प्रति क्विंटल तथा लम्बे रेशेवाली किसानों के लिए 7521 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

जिनिंग एवं प्रेसिंग इकाइयों के माध्यम से कपास की प्रोसेसिंग की जाती है और रूई में से बिनौला आदि को अलग कर दिया जाता है। इसके लिए इन इकाइयों के साथ वार्षिक आधार पर करार किए जाते हैं। 

विपणन मंत्री के अनुसार कपास के अलावा इस बार किसानों से एमएसपी पर 11.21 लाख टन सोयाबीन की खरीद की गई जबकि राज्य सरकार तुवर, मूंग, उड़द एवं चना की खरीद के लिए सक्रियता से प्रयास कर रही है।

राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय कपास निगम द्वारा इस बार 100 लाख गांठ (170 किलो की प्रत्येक गांठ) से अधिक रूई की खरीद की जा चुकी है और अब उसकी बिक्री भी आरंभ कर दी गई है। कपास की सर्वाधिक खरीद तेलंगाना तथा महाराष्ट्र में की गई है।