मई में सोयामील के उत्पादन एवं निर्यात में गिरावट
16-Jun-2026 06:06 PM
इंदौर। एक अग्रणी उद्योग संस्था- सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि मई 2026 में देश से केवल 50 हजार टन सोयामील का निर्यात हो सका जो मई 2025 के शिपमेंट 1.37 लाख टन से 64 प्रतिशत कम रहा।
इसी तरह सोयामील का निर्यात अक्टूबर 2025- मई- 2026 के आठ महीनों में लुढ़ककर 8.72 लाख टन पर अटक गया जबकि 2024-25 के मार्केटिंग सीजन की समान अवधि में यह 14.60 लाख टन पर पहुंच गया था।
सोपा की रिपोर्ट के अनुसार मई 2025 में 7.10 लाख टन सोयामील का घरेलू उत्पादन हुआ था जो मई 2026 में गिरकर 6.31 लाख टन रह गया।
2025-26 के आरम्भिक 8 महीनों (अक्टूबर-मई) में 57.60 लाख टन सोयामील का घरेलू उत्पादन हुआ जो 2024-25 सीजन के उत्पादन 62.30 लाख टन से काफी कम रहा।
घरेलू मंडियों में सोयाबीन की आवक मई 2025 के 6 लाख टन से घटकर मई 2026 में 5 लाख टन रह गई जबकि आठ माह की कुल आपूर्ति भी 83.50 लाख टन से गिरकर 72.50 लाख टन पर सिमट गई।
घरेलू प्रभाग में स्टॉक कम होने तथा भाव ऊंचा रहने से सोयाबीन का कुल आयात बढ़कर 9 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की उम्मीद है। अफ्रीकी देशों से भारी मात्रा में सोयाबीन का आयात हो रहा है।
