मोजाम्बिक में चावल सहित अन्य उत्पादों के आयात में भारी वृद्धि
14-Apr-2025 05:58 PM
मापुटो। अफ्रीका महाद्वीप के एक महत्वपूर्ण देश- मोजाम्बिक में वर्ष 2024 के दौरान चावल का आयात बढ़कर 44.10 करोड़ डॉलर (40 करोड़ यूरो) के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया जो वर्ष 2023 के आयात 31.77 करोड़ डॉलर से 38.8 प्रतिशत ज्यादा था।
इससे पूर्व वहां वर्ष 2021 में 34.23 करोड़ डॉलर मूल्य के चावल का रिकॉर्ड, आयात हुआ था जबकि 2024 का आयात उससे भी काफी ऊंचा रहा।
बैंक ऑफ मोजाम्बिक द्वारा जारी सांख्यिकी रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2021 की पूरी अवधि में उपभोक्ता उत्पादों का कुल आयात 8.211 अरब डॉलर की ऊंचाई पर पहुंच गया लेकिन फिर भी यह पिछले तीन वर्षों का न्यूनतम स्तर रहा।
वर्ष 2023 में यह आयात खर्च 8.276 अरब डॉलर पर पहुंचा था। वहां कुछ अनाजों एवं उपभोक्ता उत्पादों के आयात की गति धीमी रही।
आधिकारिक आंकड़ों से पता चलता है कि वर्ष 2023 के दौरान मोजाम्बिक में कुछ महत्वपूर्ण अनाजों के उत्पादन में गिरावट आ गई थी।
राष्ट्रीय सांख्यिकी संस्थान के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान देश में मक्का के उत्पादन में 11 प्रतिशत एवं चावल के उत्पादन में 34 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई।
इसके फलस्वरूप वर्ष 2024 के दौरान चावल की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने के लिए उसे वर्ष 2024 के दौरान इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न का आयात बढ़ाने के लिए विवश होना पड़ा।
रिपोर्ट के अनुसार मोजाम्बिक में 2022 की तुलना में 2023 के दौरान मक्का का घरेलू उत्पादन 23,82,511 टन से गिरकर 21,24,749 टन पर अटक गया लेकिन फिर भी यह 2020 के उत्पादन 16,32,321 टन, 2021 के उत्पादन 18,36,925 टन तथा 2019 के उत्पादन 14,51,686 टन से काफी अधिक रहा।
इसी तरह मोजाम्बिक में चावल का उत्पादन वर्ष 2022 के 2,45,792 टन से घटकर 2023 में 1,61,829 टन पर सिमट गया जो पिछले पांच वर्षों में सबसे कम रहा।
उसके जाम्बेजिया प्रान्त में 48,537 टन तथा गाजा में 40,946 टन चावल का उत्पादन हुआ। मोजाम्बिक में भारत से चावल का बड़े पैमाने पर आयात किया जाता है।
