मोजाम्बिक में इस वर्ष कृषि उत्पादन 5 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान
16-May-2025 07:51 PM
मापुटो। अफ्रीकी देश मोजाम्बिक के राष्ट्रपति ने पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष (2025) के दौरान देश में कृषि उत्पादन 5 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान लगाया है।
हालांकि वहां कुछ चुनौतियां एवं अपवाद मौजूद है जिसमें मौसम एवं जलवायु की विषम स्थिति तथा सामाजिक उपद्रव एवं असंतोष भी शामिल है लेकिन इसके बावजूद कुल कृषि उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद की जा रही है।
राष्ट्र्पति के अनुसार पिछले साल भी मौसम पूरी तरह अनुकूल नहीं रहा था मगर उसके बावजूद खाद्यान्न के उत्पादन की स्थिति अच्छी रही।
2023 के मुकाबले 2024 के दौरान अनाजी फसलों के उत्पादन में 9 प्रतिशत, दलहनों के उत्पादन में 7 प्रतिशत तथा कंद मूल एवं रेशेदार फसलों के उत्पादन में 12 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई थी।
राष्ट्र्पति महोदय ने पिछले दिन मोजाम्बिक के मध्यवर्ती प्रान्त- मानिका में अवस्थित एक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादक जिला- यूस्मुन डेंगा में वर्ष 2025 के लिए कृषि उत्पादों के विपणन अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि नकदी फसलों के संवर्ग में 2023 के मुकाबले 2024 के दौरान देश में काजू के उत्पादन में 67 प्रतिशत था मैकेडेमिया नट्स के उत्पादन में 32 प्रतिशत का शानदार इजाफा हुआ।
उल्लेखनीय है कि मोजाम्बिक में चीनी, खाद्य तेल एवं साबुन के कारोबार को वैट से मुक्त रखने की समय सीमा 31 दिसम्बर 2025 तक बढ़ा दी गई है।
राष्ट्रीय स्तर पर मोजाम्बिक में वर्ष 2023 के दौरान करीब 172.58 लाख टन कृषि उत्पादों का विपणन हुआ था जो 2024 में 14 प्रतिशत बढ़कर 201.04 लाख टन पर पहुंच गया। भारत में मोजाम्बिक से खासकर अरहर (तुवर) का आयात बढ़े पैमाने पर होता है।
राष्ट्रपति के अनुसार 2024 की तुलना में 2025 के दौरान मोजाम्बिक में कृषि फसलों के कुल बिजाई क्षेत्र में 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जबकि मौसम की अनुकूल स्थिति से औसत उपज दर भी बढ़ने के आसार हैं। इसके आधार पर कुल कृषि उत्पादन में 5 प्रतिशत की वृद्धि होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
