मोजाम्बिक में दिसम्बर तक चीनी और खाद्य तेल को वैट से मुक्त रखने का निर्णय

15-May-2025 06:20 PM

मापुटो। अफ्रीकी देश- मोजाम्बिक की संसद ने सर्वसम्मति से चीनी, खाद्य तेल एवं साबुन के व्यावसायिक  (लेन-देन) कारोबार पर लगे मूल्य संवर्धित कर (वैट) से छूट की समयसीमा को 31 दिसम्बर 2025 तक बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।

उसे सभी सम्बन्धित सक्षम बैंचों की मंजूरी भी प्राप्त हो गई है। इन उत्पादों पर वैट से छूट पहले से ही दी जाती है और अभी केवल इसकी समय सीमा  बढ़ाई गई है। इसमें कच्चा माल तथा वे मशीन-उपकरण भी शामिल है जो खाद्य तेल, चीनी एवं साबुन के निर्माण में इस्तेमाल होते हैं। 

संसद से वैट रियायत की स्वीकृति दिलाने के लिए मोजाम्बिक के वित्त मंत्री ने कहा कि छूट की समय सीमा बढ़ाना आवश्यक है। इससे राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था के विकास को मजबूती मिलेगी तथा उत्पादन लागत में कमी आने पर ये उत्पाद सस्ते होंगे जिससे इसकी मांग और खपत बढ़ेगी। इससे आम उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति में इजाफा होगा।

इस छूट की समयसीमा का विस्तार होना आवश्यक था क्योंकि सामान्य नागरिकों को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है। हालांकि वैट में छूट से मोजाम्बिक की सरकार को दो अरब मेटीकाइस से अधिक धनराशि के राजस्व का नुकसान होगा लेकिन आम लोगों के हितों को देखते हुए सरकार इसे सहन करने के लिए तैयार है।

मोजाबिक में खाद्य तेलों, चीनी एवं साबुन आदि का घरेलू उत्पादन पर्याप्त नहीं होता है इसलिए उसे विदेशों से इसका आयात करने की आवश्यकता पड़ती है।

सरकार स्वदेशी स्रोतों से इसका उत्पादन बढ़ाने का प्रयास कर रही है और उद्योग को समुचित प्रोत्साहन दे रही है ताकि आयात पर निर्भरता को घटाकर शून्य पर लाया जा सके। चीनी और खाद्य तेलों के कच्चे माल को वैट की सीमा से बाहर रखने का सरकारी निर्णय इस दिशा में कारगर साबित हो सकता है।