मलेशिया में सीपीओ पर 10 प्रतिशत का निर्यात शुल्क बरकरार
15-Jun-2026 07:23 PM
कुआलालम्पुर। मलेशिया सरकार ने जून की भांति जुलाई 2026 के लिए भी क्रूड पाम तेल (सीपीओ) पर निर्यात शुल्क को 10 प्रतिशत के ऊंचे स्तर पर बरकरार रखने की घोषणा की है जो इसके रिफरेंस मूल्य पर आधारित है।
यद्यपि सीपीओ का रिफरेंस मूल्य पिछले माह के 4372.64 रिंगिट प्रति टन की तुलना में कुछ नीचे यानी 4346.79 रिंगिट प्रति टन आंका गया है फिर भी यह 10 प्रतिशत का निर्यात शुल्क लगाने के लिए 4050 रिंगिट प्रति टन के आधार संदर्भ मूल्य से ऊंचा है।
जब तक पाम तेल का रिफरेंस मूल्य घटकर 4050 रिंगिट प्रति टन से नीचे नहीं आएगा तब तक निर्यात शुल्क में कटौती नहीं होगी।
उल्लेखनीय है कि मलेशिया में क्रूड पाम तेल पर निर्यात शुल्क लगाने का एक निश्चित फार्मूला 1 नवम्बर 2024 से प्रभावी है। इसके तहत यदि सीपीओ का रिफरेंस मूल्य 2250 रिंगिट प्रति टन के नीचे रहता है तो उस पर कोई निर्यात शुल्क नहीं लगेगा।
लेकिन 2250 से 2400 रिंगिट प्रति टन के रिफरेंस मूल्य पर 3 प्रतिशत का शुल्क लागू होगा और फिर रिफरेंस मूल्य जितना बढ़ता जाएगा शुल्क का स्तर भी उतना ही ऊंचा उठता जाएगा। 4050 रिंगिट से ऊंचे मूल्य पर 10 प्रतिशत का शुल्क मान्य होगा।
