मौसम में सुधार आने से अर्जेन्टीना में सोयाबीन का उत्पादन अनुमान स्थिर

17-Feb-2025 03:35 PM

ब्यूनस आयर्स। भयंकर सूखे के संकट से जूझ रहे अर्जेन्टीना में पिछले सप्ताह कुछ इलाकों में बारिश हुई जिससे सोयाबीन की फसल को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

देश के मध्यवर्ती भाग और खासकर उत्तरी ब्यूनस आयर्स, दक्षिणी कोरडोबा, दक्षिणी सान्ता फे तथा दक्षिणी एंट्री रियोस में बारिश हुई मगर देश के शेष भागों और विशेषकर दक्षिणी एवं उत्तरी अर्जेन्टीना का विशाल इलाका अब भी सूखे की समस्या का सामना कर रहा है। 

गत सप्ताह देश के मध्यवर्ती एवं दक्षिणी भाग में कहीं-कहीं वर्षा हुई थी। चालू सप्ताह के दौरान देश के मध्यवर्ती क्षेत्र तथा अगले सप्ताह मध्यवर्ती एवं उत्तरी भाग में वर्षा होने की संभावना है।

एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक के अनुसार अर्जेन्टीना में सोयाबीन के सबसे प्रमुख उत्पादक क्षेत्र में गत सप्ताह ही बारिश के कारण राष्ट्रीय स्तर पर इसका उत्पादन अनुमान 490 लाख टन के पुराने स्तर पर बरकरार रखा गया है।

देश में लगभग 60 प्रतिशत सोयाबीन का उत्पादन इसी कोर एरिया में होता है। यदि वहां 40 प्रतिशत क्षेत्रफल में भी फसल को बारिश का सहारा मिला होगा तो कुल उत्पादन में गिरावट की  आशंका बहुत कम रहेगी।

इस बारिश से सोयाबीन की अगैती बिजाई वाली फसल को  ज्यादा फायदा होगा क्योंकि इसमें दाने लग रहे हैं। अगले महीने से अगैती फसल की कटाई-तैयारी शुरू होने की संभावना है। इसी तरह पिछैती बिजाई वाली फसल में भी फूल लगने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 

मोटे अनुमान के अनुसार अर्जेन्टीना में सोयाबीन की लगभग 68 प्रतिशत फसल में फूल लग चुके हैं और इसमें से 36 प्रतिशत पौधे में दाने आ गए हैं।

उसमें से 8 प्रतिशत फसल में दाने पुष्ट हो रहे हैं और अगले एक दो सप्ताह में परिपक्व हो सकते हैं। वर्षा की कमी वाले क्षेत्रों में सोयाबीन के दाने नियत समय से पूर्व ही पक सकते हैं

जिससे वहां उपज दर एवं क्वालिटी प्रभावित होने की आशंका है। ब्यूनस आयर्स ग्रेन्स एक्सचेंज ने अर्जेन्टीना में 486 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन का अनुमान लगाया है।