मध्य प्रदेश में रबी फसलों की बिजाई की स्थिति सामान्य

14-Nov-2024 06:22 PM

भोपाल । देश के एक अग्रणी कृषि उत्पादक राज्य- मध्य प्रदेश में रबी कालीन फसलों की बिजाई की गति लगभग सामान्य बनी हुई है मगर गेहूं का रकबा गत वर्ष से काफी पीछे है।

राज्य कृषि विभाग ने वर्तमान रबी सीजन के दौरान मध्य प्रदेश में 91.86 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बिजाई का लक्ष्य रखा है जबकि 8 नवम्बर 2024 तक वहां इसका कुल क्षेत्रफल 10.56 लाख हेक्टेयर तक ही पहुंच सका जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 26.58 लाख हेक्टेयर से 16.02 लाख हेक्टेयर कम है। समझा जाता है कि वहां कुछ इलाकों में आंकड़ा आने में देर हो रही है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जौ का बिजाई लक्ष्य 36 हजार हेक्टेयर नियत हुआ है जिसमें से 5 हजार हेक्टेयर में बिजाई पूरी हो गई।

दलहन फसलों के संवर्ग में उत्पादन क्षेत्र का लक्ष्य चना के लिए 20.52 लाख हेक्टेयर, मटर के लिए 2.67 लाख हेक्टेयर तथा मसूर के लिए 7.92 लाख हेक्टेयर निर्धारित किया गया है जबकि तिलहन फसलों में सरसों की बिजाई का लक्ष्य 14.61 लाख हेक्टेयर तय किया गया है।  

उपरोक्त उत्पादन क्षेत्र के लक्ष्य के सापेक्ष राज्य में 8 नवम्बर 2024 तक 5.07 लाख हेक्टेयर में चना, 1.13 लाख हेक्टेयर में मटर, 2.80 लाख हेक्टेयर में मसूर तथा 7.64 लाख हेक्टेयर में सरसों की बिजाई पूरी हो चुकी थी।

खरीफ फसलों की कटाई-तैयारी जोर पकड़ने लगी है और खेत खाली होते जा रहे हैं। इससे किसानों को रबी फसलों की बिजाई की गति तेज करने में सहायता मिल सकती है।

मौसम की हालत सामान्य है और खेतों की मिटटी में नमी का पर्याप्त अंश मौजूद है। गेहूं का थोक मंडी भाव उछलकर काफी ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है जिससे किसानों को इसका क्षेत्रफल बढ़ाने का प्रोत्साहन मिल सकता है।