म्यांमार से 11 महीनों में 8.34 लाख टन उड़द का शानदार निर्यात

04-Dec-2024 03:53 PM

रंगून । म्यांमार के अग्रणी व्यापारिक एवं निर्यातक संगठन- ओवर सीज एग्री ट्रेड एसोसिएशन (ओएटीए) के नवीनतम आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वर्ष के शुरूआती 11 महीनों में यानी जनवरी से नवम्बर 2024 के दौरान देश से 8,34,180 टन उड़द, 3,01,386 टन तुवर तथा 5,76,613 टन मूंग का शानदार निर्यात हुआ।

उड़द एवं तुवर के अधिकांश भाग का शिपमेंट भारत को किया गया जबकि मूंग का निर्यात अन्य देशों को हुआ क्योंकि भारत में इसके आयात पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

समीक्षाधीन अवधि के दौरान म्यांमार से औसत निर्यात उड़द का 75,835 टन, तूवर 27,399 टन एवं मूंग का 52,419 टन दर्ज किया गया। म्यांमार उड़द का सबसे प्रमुख निर्यातक देश है। 

एसोसिएशन के आंकड़ों के मुताबिक म्यांमार से मई 2024 में सर्वाधिक 1,02,662 टन तथा फरवरी में सबसे कम 51,948 टन उड़द का निर्यात हुआ जबकि इसके शिपमेंट की मात्रा जनवरी में 73,801 टन, मार्च में 79,587 टन, अप्रैल में 87,492 टन, जून में 65,239 टन,

जुलाई में 71,527 टन, अगस्त में 95,762 टन, सितम्बर में 87,346 टन, अक्टूबर में 62,379 टन तथा नवम्बर 2024 में 56,436 टन दर्ज की गई।

अक्टूबर से फरवरी तक म्यांमार में उड़द की आपूर्ति का ऑफ सीजन माना जाता है इसलिए इस अवधि में निर्यात की मात्रा कुछ घट जाती है। 

तुवर का निर्यात जनवरी में 31,029 टन, फरवरी में 33,388 टन, मार्च में 30,056 टन, अप्रैल में 27,795 टन, मई में 40,572 टन, जून में 26,868 टन, जुलाई में 12,704 टन, अगस्त में 29,687 टन, सितम्बर में 35,110 टन, अक्टूबर में 11,430 टन तथा नवम्बर में 22,748 टन दर्ज किया गया। म्यांमार भारत के पूर्वोत्तर भाग में अवस्थित एक छोटा देश है।

वहां भारतीय मांग के कारण उड़द एवं तुवर का उत्पादन हाल के वर्षों में तेजी से बढ़ा है। अगले साल की पहली तिमाही से वहां दलहनों की नई फसल आने लगेगी।

तुवर के आयात के लिए भारत के पास अफ्रीकी देशों का विकल्प मौजूद है मगर उड़द के आयात के लिए मुख्यत: म्यांमार पर ही निर्भर रहना पड़ता है।