निजामाबाद में नई हल्दी का श्री गणेश, उत्पादन गत वर्ष से कम

19-Jan-2024 07:10 PM

नई दिल्ली । प्राप्त जानकारी के अनुसार निजामाबाद मंडी में आज 35 बोरी नई हल्दी की आवक का श्री गणेश हुआ है। और गट्ठा का भाव 9100 रुपए एवं फिगर का 10251 रुपए बोला गया। आमतौर पर निजामाबाद मंडी में नई हल्दी की आवक दिसम्बर अंत या जनवरी प्रथम सप्ताह में शुरू हो जाती थी लेकिन इस वर्ष आवक 15/20 दिन विलम्ब से शुरू हुई है। 
उत्पादन कम 
इस वर्ष बिजाई कम होने के कारण निजामाबाद लाइन पर हल्दी का उत्पादन गत वर्ष की तुलना में कम होने के  समाचार है। सूत्रों का मानना है कि इस वर्ष उत्पादन 9/10 लाख बोरी के आसपास रहेगा जबकि गत वर्ष उत्पादन 14/15 लाख बोरी का रहा था।

उत्पादन कम होने के अलावा स्टॉक भी गत वर्ष की तुलना में कम माना जा रहा है गत वर्ष जनवरी माह में निजामाबाद में स्टॉक 7/8 लाख बोरी का था जोकि इस वर्ष लगभग 4.5/5 लाख बोरी माना जा रहा है। अन्य उत्पादक राज्यों में भी इस वर्ष हल्दी का उत्पादन गत वर्ष की तुलना में कम होने के समाचार है। जिस कारण 2024 में हल्दी के भाव तेज रहने की संभावना है। 
हाजिर भाव 
आज ईरोड मंडी में हल्दी के भाव अपने पूर्व  स्तर पर बोले गए लेकिन महाराष्ट्र की सांगली, नांदेड, हिंगोली मंडी में हल्दी के भाव 400/500 रुपए तेजी के साथ बोले गए। वायदा बाजार में भी आज हल्दी अप्रैल का भाव 832 रुपए जून का भाव 836 रुपए तेजी के साथ बंद हुआ है।