नेपाल से सोयाबीन तेल के आयात में जबरदस्त बढ़ोत्तरी

17-Feb-2025 11:27 AM

नई दिल्ली। केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों का अध्ययन-विश्लेषण करने से पता चलता है कि वर्ष 2023 की तुलना में वर्ष 2024 के अप्रैल-नवम्बर की अवधि के दौरान नेपाल से भारत में सोयाबीन तेल के आयात में करीब 14 गुणा की जबरदस्त बढ़ोतरी हो गई।

ध्यान देने की बात है कि नेपाल में सोयाबीन का उत्पादन कम होता है और वहां विदेशों से सोया तेल का भारी आयात किया जाता है। 

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल-नवम्बर 2024 के आठ महीनों में देश के अंदर करीब 3 अरब डॉलर मूल्य के सोयाबीन तेल का कुल आयात हुआ जो वर्ष 2023 की समान अवधि के आयात खर्च 2.50 अरब डॉलर से 52 करोड़  डॉलर या लगभग 19 प्रतिशत अधिक रहा।

इस अवधि में यद्यपि ब्राजील से सोया तेल के आयात में कमी आई मगर अर्जेन्टीना सहित अन्य देशों से आयात बढ़ गया। 

सोयाबीन तेल के कुल आयात में हुई इस जबरदस्त बढ़ोत्तरी से भारतीय नीति निर्माताओं का चिंतित होना स्वाभाविक है।

दरअसल नेपाल से तेजी से बढ़ते आयात को नियंत्रित करने के लिए उद्योग संगठनों द्वारा बार-बार सरकार से आग्रह किया जा रहा है।

इसके तहत खासकर मूल उदगम नीति के प्रावधान को सख्त बनाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया जा रहा है।  दक्षिण एशिया मुक्त व्यापार संधि (साफ्टा) के तहत नेपाल से आयातित उत्पादों के सीमा शुल्क से छूट दी जाती है लेकिन नियमानुसार उस उत्पाद का उत्पादन या निर्माण नेपाल में अवश्य हुआ होना चाहिए।

चूंकि नेपाल में स्वदेशी स्रोतों से सोया  तेल का उत्पादन बहुत कम होता है इसलिए माना जा रहा है कि वह विदेशों से आयातित तेल का भारत में निर्यात कर रहा है।

दिलचस्प तथ्य यह है कि हाल के वर्षों में अनेक भारतीय उद्यमियों द्वारा नेपाल में रिफाइनरीज स्थापित की गई है और उसे भारत में तेल का निर्यात करने का फायदा मिल रहा है।