निर्यात में सुधार के बावजूद मलेशिया में पाम तेल का स्टॉक बढ़ा

11-Aug-2025 12:21 PM

कुआलालम्पुर। इंडोनेशिया के बाद दुनिया के दूसरे सबसे प्रमुख पाम तेल उत्पादक एवं निर्यातक देश-मलेशिया में इस महत्वपूर्ण वनस्पति तेल के उत्पादन का पीक सीजन अभी जारी है और इसलिए बेहतर निर्यात प्रदर्शन के बावजूद वहां इसका बकाया अधिशेष स्टॉक बढ़कर 21 लाख टन की सीमा को पार कर गया है। पाम कर्नेल तेल के बकाया स्टॉक में भी अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है। 

सरकारी संस्था- मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) की नवीनतम मासिक रिपोर्ट से पता चलता है कि जून के मुकाबले जुलाई 2025 के दौरान मलेशिया में क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का उत्पादन 7.09 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 18,12,417 टन पर पहुंच गया

जो इस वर्ष के किसी एक माह का शीर्ष स्तर है। उद्योग को ऑयल पाम के ताजे फलों के गुच्छे (एफएफबी) की अच्छी आपूर्ति हुई और इसलिए उसकी क्रशिंग- प्रोसेसिंग की रफ्तार बढ़ गई। 

एम्पोब की रिपोर्ट के मुताबिक यद्यपि जून की तुलना में जुलाई माह के दौरान मलेशिया से पाम तेल उत्पादों का कुल निर्यात 3.82 प्रतिशत बढ़कर 13,09,959 टन पर पहुंचा और विदेशों से इसका आयात 12.82 प्रतिशत घटकर 61,039 टन पर अटक गया लेकिन इसके बावजूद पाम तेल का सकल बकाया अधिशेष स्टॉक 4.02 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 21,13,278 टन की ऊंचाई पर पहुंच गया

जो पिछले कई महीनों का शीर्ष स्तर है। यद्यपि जून की समाप्ति की तुलना में जुलाई के अंत में वहां क्रूड पाम तेल का स्टॉक 2.02 प्रतिशत गिरकर 10,20,780 टन पर अटक गया लेकिन प्रोसेस्ड पाम तेल (आरबीडी पाम तेल एवं रिफाइंड पामोलीन आदि) का स्टॉक 10.38 प्रतिशत उछलकर 10,92,498 टन पर पहुंच गया।

सीपीओ के निर्यात में कुछ इजाफा हुआ मगर आरबीडी पाम तेल / पामोलीन का निर्यात प्रदर्शन कमजोर रहा। एम्पोब की रिपोर्ट के अनुसार इस अवधि में पाम कर्नेल तेल का स्टॉक भी 11.97 प्रतिशत बढ़कर 3,20,805 टन पर पहुंच गया।