नांदेड़ जिले में बाढ़ से क्षतिग्रस्त फसलों के लिए किसानों को मिलेगा मुआवजा

13-Dec-2024 07:03 PM

नांदेड़ । महाराष्ट्र सरकार ने नांदेड़ जिले में सितम्बर के प्रथम सप्ताह के दौरान हुई अत्यन्त मूसलाधार बारिश और इसके फलस्वरूप आई भयंकर बाढ़ से कृषि एवं बागवानी फसलों को हुए नुकसान के एवज में किसानों को समुचित मुआवजा देने का निर्णय लेते हुए फंड भी आवंटित कर दिया है। इसके तहत कुल 812 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। मुआवजे की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में स्थानांतरित की जाएगी। 

उल्लेखनीय है कि नांदेड़ जिले के विभिन्न तालुकों में 1 से 3 सितम्बर के दौरान भारी वर्षा, खेतों में जल भराव तथा विनाशकारी बाढ़ के चलते विशाल क्षेत्रफल में मुख्य कृषि फसलों के साथ-साथ बागवानी फसलों और बारहमासी फसलों को क्षति हुई थी।

जिला प्रशासन द्वारा करवाए गए सर्वेक्षण के अनुसार नांदेड़ जिले में 5,96,517 हेक्टेयर में फसलें क्षतिग्रस्त हुई जिससे 7,83,915 किसान प्रभावित हुए। राज्य सरकार ने जिला प्रशासन की मांग के आधार पर 10 दिसम्बर को 812 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृति की। 

इस बार फसल क्षति की अनुदान राशि को कुछ बढ़ा दिया गया है। इसके तहत मुख्य कृषि फसलों के लिए अनुदान की राशि 8500 रुपए से बढ़ाकर 13,500 रुपए प्रति हेक्टेयर, बागवानी फसलों के लिए 17,000 रुपए से बढ़ाकर 27,000 रुपए प्रति हेक्टेयर तथा बारहमासी फसलों के लिए अनुदान (मुआवजा) राशि 22,500 रुपए से बढ़ाकर 36,000 रुपए प्रति हेक्टेयर नियत की गई है।

इसके अलावा पहले प्रत्येक किसान को अधिकतम 2 हेक्टेयर की फसल का मुआवजा दिया जाता था जिसे इस बार बढ़ाकर 3 हेक्टेयर कर दिया गया है। इससे किसानों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।