ओएमएसएस के तहत 25.18 लाख टन सरकारी चावल की बिक्री
26-Sep-2025 08:35 PM
नई दिल्ली। भारतीय खाध निगम (एफसीआई) द्वारा खुले बाजार बिक्री योजन (ओएमएसएस) के अंतर्गत अपने स्टॉक से बल्क खरीदारों तथा राज्य सरकारों को अच्छी मात्रा में चावल बेचा जा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक निगम को 25.18 लाख टन चावल बेचने में पहले ही सफलता मिल चुकी है।
इसमें से 7.71 लाख टन चावल की बिक्री बल्क खरीदारों को तथा 17.47 लाख टन की बिक्री प्रांतीय सरकारों को की गई। सरकारी स्टॉक से चावल बेचने की प्रक्रिया अभी जारी है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार चावल की बल्क खरीद में आसाम, बिहार, दिल्ली, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र एवं मिजोरम के व्यापारियों ने भारी दिलचस्पी दिखाई।
इनमें से प्रत्येक राज्य के बल्क खरीदारों द्वारा 10 हजार टन से लेकर 3.11 लाख टन के बीच चावल खरीदा गया। सर्वाधिक खरीद खरीद दिल्ली के खरीदारों ने 3,10,530 टन की कर ली जबकि महाराष्ट्र में इसकी खरीद 11,822 टन की हुई। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, तेलंगाना, केरल, हरियाणा तथा अरुणाचल प्रदेश में भी चावल की बल्क खरीद हुई।
जहां तक प्रांतीय सरकार की बात है तो सरकारी चावल की खरीद में कर्नाटक सबसे आगे रहा क्योंकि वहां प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के साथ-साथ राज्य सरकार की अपनी स्कीम के तहत भी लाभार्थियों को मुफ्त में चावल उपलब्ध करवाया जाता है।
प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक कर्नाटक सरकार द्वारा भारतीय खाद्य निगम से 11,72,609 टन चावल की भारी खरीद की गई जबकि वहां व्यापारियों ने भी 20,087 टन चावल खरीदा। इस तरह राज्य में कुल 11,92,696 टन चावल की जबरदस्त खरीद की गई।
इसके अलावा जम्मू कश्मीर में 64,253 टन, आसाम में 4637 टन अरुणाचल प्रदेश में 3700 टन, झारखंड में 2385 टन, केरल में 6012 टन, मणिपुर में 5103 टन, मेघालय में 3450 टन, मिजोरम में 4143 टन, नागालैंड में 3150 टन, त्रिपुरा में 3613 टन और तमिलनाडु में 4,73,540 टन चावल की करहिद सरकारी स्तर पर की गई।
