ऑस्ट्रेलिया से चना के निर्यात में गिरावट का सिलसिला जारी

05-Jun-2026 01:33 PM

ब्रिसबेन। ऑस्ट्रेलियाई चना का निर्यात प्रदर्शन लगातार कमजोर पड़ता जा रहा है। हालांकि चालू मार्केटिंग सीजन में अक्टूबर-सितम्बर 2025 की तिमाही में वहां से चना का निर्यात शिपमेंट सामान्य रहा और जनवरी-फरवरी 2026 में भी निर्यात में जोरदार गिरावट नहीं आई लेकिन उसके बाद शिपमेंट की गति धीमी पड़ गई। सरकारी संस्था- ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यरो (एबीएस) की रिपोर्ट के अनुसार ऑस्ट्रेलिया से मार्च 2026 में 24,756 टन चना का निर्यात हुआ था जो अप्रैल में करीब 10 प्रतिशत गिरकर 22,317 टन रह गया। 

एबीएस की रिपोर्ट के मुताबिक चालू मार्केटिंग सीजन के शुरुआती 7 महीनों में यानी अक्टूबर 2025 से अप्रैल 2026 के दौरान ऑस्ट्रेलिया से चना का निर्यात घटकर 13,81,794 टन रह गया जबकि 2024-25 सीजन की इसी अवधि में यह 18,40,144 टन पर पहुंच गया था। 

अप्रैल 2026 में ऑस्ट्रेलिया से संयुक्त अरब अमीरात को सबसे ज्यादा 9000 टन तथा पाकिस्तान को 4422 टन चना का निर्यात किया गया जबकि भारत में 2436 टन का शिपमेंट हुआ। नई फसल की जोरदार आवक होने तथा कीमत नरम रहने के कारण अप्रैल में भारत के खरीदारों ने ऑस्ट्रेलियाई चना के आयात में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई। 

हालांकि 2025-26 सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में चना का उत्पादन सामान्य औसत से काफी अधिक हुआ और वहां अब भी इसका भारी-भरकम निर्यात योग्य स्टॉक मौजूद है मगर उत्पादक एवं स्टॉकिस्ट नीचे दाम पर अपना माल बेचने के इच्छुक नहीं हैं इसलिए निर्यातको को शिपमेंट के लिए पर्याप्त मात्रा में चना प्राप्त होने में संदेह रहता है और वे इसका अनुबंध करने में काफी सावधानी बरत रहे हैं। 2026-27 के सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में चना का उत्पादन करीब 50 प्रतिशत घटने का अनुमान है।