इंडोनेशियाई पाम तेल की खरीद में चाइनीज आयातकों की सक्रियता बढ़ी

05-Jun-2026 03:46 PM

जकार्ता। चीन के आयातक पिछले कुछ दिनों से इंडोनेशियाई पाम तेल की खरीद में जबरदस्त सक्रियता दिखा रहे हैं। गत दो सप्ताह के दौरान जून तथा जुलाई शिपमेंट के लिए चीन के आयातकों द्वारा इंडोनेशिया से कम से कम 18 तथा ऊपर में 30 कार्गों तक में पामोलीन की खरीद (बुकिंग) किए जाने की सूचना है। अगले कुछ दिनों तक भारी मात्रा में इसकी खरीद का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 

समझा जाता है कि चीन के डालियान कॉमोडिटी एक्सचेंज में सोयाबीन का वायदा भाव तेज होने से इंडोनेशियाई पामोलीन का दाम आकर्षक स्तर पर आ गया है जिससे चाइनीज आयातकों को इसकी भारी खरीद करने का प्रोत्साहन मिल रहा है। चीन के खरीदारों को पामोलीन के आयात पर भारी मार्जिन प्राप्त होने लगा है।

उधर इंडोनेशिया में पाम तेल निर्यात का नया फ्रेमवर्क पूरी तरह लागू होने से पूर्व उत्पादक एवं निर्यातक अपने पाम तेल के अधिक से अधिक स्टॉक की बिक्री का जोरदार प्रयास कर रहे हैं और इसके लिए कीमतों को घटाकर प्रतिस्पर्धी स्तर पर लाया गया है।

चीन में इंडोनेशिया से आमतौर पर प्रतिमाह 17-18 कार्गो में पाम तेल का आयात होता है लेकिन अब इसकी संख्या में करीब दोगुनी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है।