ऑस्ट्रेलिया से 7 महीनों में 11.24 लाख टन मसूर का निर्यात
05-Jun-2026 04:44 PM
मेलबोर्न। पिछले मार्केटिंग सीजन की तुलना में चालू सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलियाई मसूर के निर्यात में शानदार बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। एक तो वहां मसूर का उत्पादन काफी बढ़ गया और दूसरे, प्रमुख आयातक देशों में इसकी मांग भी मजबूत बनी रही। कीमत भी प्रतिस्पर्धी स्तर पर ही रही।
सरकारी संस्था- ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार यद्यपि मार्च की तुलना में अप्रैल 2026 के दौरान देश से मसूर का निर्यात 86,136 टन से 3 प्रतिशत गिरकर 83,618 टन पर सिमट गया मगर चालू मार्केटिंग सीजन के शुरुआती 7 महीनों में यानी अक्टूबर 2025 से अप्रैल 2026 के दौरान मसूर का कुल निर्यात तेजी से बढ़कर 11,24,192 टन पर पहुंच गया जो अप्रैल 2024-25 सीजन की समान अवधि के कुल शिपमेंट 7,58,432 टन से काफी अधिक रहा।
अप्रैल 2026 के दौरान ऑस्ट्रेलिया से श्रीलंका को सर्वाधिक 34,589 टन तथा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 28,575 टन मसूर का निर्यात किया गया जबकि नेपाल को 8565 टन का शिपमेंट किया गया।
एक अन्य सरकारी एजेंसी- अबारेस ने 2026-27 सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में मसूर का कुल उत्पादन बढ़कर 21 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है। भारत में मसूर का आयात कम हो रहा है।
