ऑस्ट्रेलिया से फरवरी में लगभग 21 लाख टन गेहूं का निर्यात

15-Apr-2025 05:51 PM

सिडनी। सरकारी संस्था- ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) के आंकड़ों से पता चलता है कि फरवरी 2025 के दौरान ऑस्ट्रेलिया से ड्यूरम सहित कुल 20,85,287 टन गेहूं का निर्यात हुआ जिसमें 18,84,312 टन का लक्ष्य शिपमेंट भी शामिल था। इसके अलावा करीब 2.01 लाख टन का शिपमेंट कंटेनरों में हुआ और ड्यूरम गेहूं के निर्यात की मात्रा 52,500 टन रही। 

एबीएस की रिपोर्ट के मुताबिक दिसम्बर 2024- फरवरी 2025 के दौरान ऑस्ट्रेलिया से बल्क रूप में लगभग 55.30 लाख टन गेहूं का निर्यात हुआ।

इसके तहत दिसम्बर में 19.67 लाख टन, जनवरी में 16.78 लाख टन तथा फरवरी में 18.84 लाख टन गेहूं का शिपमेंट किया गया। बल्क रूप में गेहूं का सर्वाधिक निर्यात फिलीपींस को 10.09 लाख तथा इंडोनेशिया को 9.13 लाख टन का हुआ।

इसके अलावा यमन को 4.75 लाख टन, वियतनाम को 3.91 लाख टन, दक्षिण कोरिया को 2.91 लाख टन, थाईलैंड को 4.32 लाख टन, संयुक्त अरब अमीरात को 1.03 लाख टन, न्यूजीलैंड को 1.64 लाख टन, म्यांमार को 1.33 लाख टन तथा भारत को 31 हजार टन गेहूं का निर्यात किया गया।

भारत में ऑस्ट्रेलिया से दिसम्बर में 13 हजार टन तथा जनवरी में करीब 18 हजार टन गेहूं मंगाया गया था जबकि फरवरी में इसका कोई आयात नहीं हुआ। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया से दुनिया के कई अन्य देशों को भी गेहूं भेजा गया।

जहां तक कंटेनरों (बॉक्स) में शिपमेंट का सवाल है तो दिसम्बर-फरवरी के दौरान ऑस्ट्रेलिया से गेहूं का कुल निर्यात करीब 5.20 लाख टन का हुआ। इसके तहत दिसम्बर 2024 में 1.65 लाख टन, जनवरी में 1.53 लाख टन तथा फरवरी में 2.01 लाख टन का शिपमेंट शामिल था।

समीक्षाधीन तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से कंटेनरों में चीन को 41 हजार टन, इंडोनेशिया को 79 हजार टन, मलेशिया को 66 हजार टन, फिलीपींस को 42 हजार टन, ताईवान को 64 हजार टन, थाईलैंड को सर्वाधिक 1.01 लाख टन तथा वियतनाम को 65 हजार टन गेहूं का शिपमेंट किया गया।

इस अवधि के दौरान भारत को भी कंटेनरों में 9023 टन गेहूं भेजा गया। भारत में दिसम्बर में 5041 टन, जनवरी में 2009 टन तथा फरवरी में 1973 टन गेहूं का आयात कंटेनरों में हुआ।