ऑस्ट्रेलिया से जुलाई में केवल 14,500 टन चना का निर्यात

09-Sep-2024 02:55 PM

ब्रिसबेन । सरकारी संस्था- ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) के आंकड़ों से पता चलता है कि ऑस्ट्रेलिया से जुलाई में चना का निर्यात घटकर 14,500 टन पर अटक गया जो जून माह के शिपमेंट 38,816 टन से 63 प्रतिशत कम था। ऑस्ट्रेलिया में चना का निर्यात योग्य स्टॉक लगातार तेजी से घटता जा रहा है।

समझा जाता है कि अक्टूबर में नई फसल की कटाई-तैयारी शुरू होने के बाद ही निर्यात की गति तेज हो पाएगी। जुलाई में ऑस्ट्रेलिया से भारत को 9288 टन, बांग्ला देश को 1582 टन तथा नेपाल को 905 टन चना का निर्यात हुआ। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मई-जुलाई 2024 की तिमाही के दौरान भारत में वहां से कुछ 56,085 टन चना मंगाया गया जिसमें मई में 21641 टन, जून में 25156 टन तथा जुलाई में 7288 टन का आयात शामिल था। मई में भारत सरकार ने देसी चना के आयात को शुल्क मुक्त कर दिया था और उसके बाद ऑस्ट्रेलिया से इसका भारी आयात हो गया। 

भारत के बढ़ते आयात के कारण मई-जुलाई 2024 में ऑस्ट्रेलिया से कुल 97,164 टन चना का निर्यात हो गया जिसमें से बांग्ला देश को 11 हजार टन,

भारत को 56 हजार टन, नेपाल को 8 हजार टन, संयुक्त अरब अमीरात को 10 हजार टन तथा पाकिस्तान को 6 हजार टन का शिपमेंट शामिल था। चना का शेष निर्यात कनाडा एवं इंग्लैंड सहित कई अन्य देशों को किया गया।