पहली छमाही के दौरान मंडियों में सिर्फ 63 लाख टन सोयाबीन की आवक

14-Apr-2026 04:43 PM

इंदौर। एक अग्रणी उद्योग संस्था- सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) के आंकड़ों से पता चलता है कि चालू मार्केटिंग सीजन की पहली छमाही में यानी अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के दौरान देशभर की मंडियों में कुल 63 लाख टन सोयाबीन की आवक हुई जो 2024-25 सीजन की समान अवधि की आपूर्ति 72 लाख टन से 9 लाख टन कम रही।

समीक्षाधीन अवधि के दौरान सोयाबीन का आयात 2 हजार टन से उछलकर 3.09 लाख टन तथा निर्यात 7 हजार टन से सुधरकर 11 हजार टन पर पहुंचा।

पहली छमाही में सोयाबीन की सीधी खपत भी 2.70 लाख टन से बढ़कर 2.80 लाख टन पर पहुंची लेकिन इसकी क्रशिंग 60.50 लाख टन से घटकर 57 लाख टन पर अटक गई। इस तरह कुल 59.91 लाख टन सोयाबीन का उपयोग हुआ। 

सोपा के अनुसार 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान 7.66 लाख टन के पिछला बकाया स्टॉक 110.26 लाख टन के उत्पादन एवं 6 लाख टन के संभावित आयात के साथ सोयाबीन की कुल उपलब्धता 123.92 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है। इसमें से 10 लाख टन का स्टॉक अगली बिजाई के लिए आरक्षित रहेगा जबकि शेष 113.92 लाख टन का स्टॉक क्रशिंग -प्रोसेसिंग, सीधी खपत एवं निर्यात के लिए मौजूद रहेगा। 

इस 113.92 लाख टन के कुल स्टॉक में से 59.91 लाख टन सोयाबीन का उपयोग हो चुका है और अब 51.10 लाख टन का स्टॉक (शेष आयात को छोड़कर) बचा हुआ है।

सोपा की मासिक रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के दौरान देश में 44.98 लाख टन सोयामील का निर्यात हुआ जो 2024-25 सीजन के उत्पादन 47.74 लाख टन से कम रहा। इस अवधि में विदेशों से सोयामील का कोई आयात नहीं हुआ जबकि देश से इसका निर्यात 11.12 लाख टन से घटकर 7.72 लाख टन रह गया। घरेलू खपत 36.70 लाख टन की हुई।