प्रमुख बांधों एवं जलाशयों में पानी का स्तर 60 प्रतिशत से नीचे आया

14-Feb-2025 12:18 PM

नई दिल्ली । चालू वर्ष के आरंभ से अब तक देश के 89 प्रतिशत भाग में बारिश नहीं या बहुत कम होने से प्रमुख बांधों एवं जलाशयों में पूरी क्षमता के मुकाबले पानी का स्तर घटकर 60 प्रतिशत से नीचे आ गया है।

केन्द्रीय जल आयोग के नवीनतम साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार देश के 155 प्रमुख जलाशयों में पानी का भंडार घटकर 104.580 बिलियन क्यूबिक मीटर रह गया है जो इसकी कुल भंडारण क्षमता 180.852 बीसीएम का 58 प्रतिशत है। लेकिन फिर भी यह जल स्तर पिछले साल की समान अवधि तथा 10 वर्षीय औसत से अधिक ऊंचा है। 

आयोग की साप्ताहिक बुलेटिन में कहा गया है कि पंजाब तथा बिहार की स्थिति बहुत खराब है। वहां एक-एक जलाशय है और उसमें पानी का स्तर घटकर काफी कम रह गया है।

इतना ही नहीं बल्कि देश के पूर्वी एवं उत्तरी तथा दक्षिणी क्षेत्र में भी जलस्तर गिरकर 60 प्रतिशत से नीचे आ गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार देश के जिन 718 जिलों से आंकड़े एकत्रित किए जाने हैं उसमें से 51 प्रतिशत जिलों में 1 जनवरी से 13 फरवरी 2025 के दौरान वर्षा बिल्कुल नहीं हुई जबकि 38 प्रतिशत जिलों में सामान्य औसत से बहुत कम हुई। 

मौसम विभाग के मुताबिक बिहार, गुजरात एवं तेलंगाना के सभी जिले बारिश के अभाव का सामना कर रहे हैं जबकि उत्तर प्रदेश के कुल 75 में से 74 जिलों तथा मध्य प्रदेश के 52 में से 51 जिलों में बारिश की भारी कमी देखी जा रही है।

उत्तरी क्षेत्र के 11 जलाशयों में पानी का स्तर घटकर 6.406 बीसीएम पर आ गया है जो कुल भंडारण क्षमता 19.836 बीसीएम का महज 32 प्रतिशत है।

पंजाब के थे ईन बांध में केवल 13 प्रतिशत पानी बचा हुआ है जबकि हिमाचल प्रदेश के जलाशय में 26 प्रतिशत तथा राजस्थान के जलाशय में 57 प्रतिशत पानी का भंडार है।