पेट्रोल में 27 प्रतिशत एथनॉल के मिश्रण के लक्ष्य की खबर का खंडन

21-Jul-2025 12:36 PM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने मीडिया की उस रिपोर्ट का खडंन किया है जिसमें कहा गया है कि सरकार  एथनॉल ब्लेंडिंग पेट्रोल प्रोग्राम के अंतर्गत पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य बढ़ाकर 27 प्रतिशत निर्धारित कर दिया है। केन्द्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने मीडिया में आई इस खबर को मनगढ़ंत एवं भ्रामक बताया है।

सरकार की तरफ से स्पष्ट किया गया है कि एथनॉल मिश्रण का कार्यक्रम "रोड मैप फॉर एथनॉल ब्लेंडिंग इन इंडिया 2020-25" के अनुरूप क्रियानिवत किया जा रहा है जिसमें एथनॉल आपूर्ति वर्ष 2025-26 तक के लिए वार्षिक मिश्रण का लक्ष्य पहले ही निर्धारित किया जा चुका है।

यह अवधि 31 अक्टूबर 2026 तक बरकरार रहेगी। 1 नवम्बर 2025 से आरंभ होकर 31 अक्टूबर 2026 तक जारी रहने वाले आगामी मार्केटिंग सीजन के लिए भी पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य 20 प्रतिशत पर ही बरकरार रहेगा। इसमें बढ़ोत्तरी करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार भारत में नवम्बर 2024 से जून 2025 की अवधि के दौरान पेट्रोल में 18.9 प्रतिशत एथनॉल का मिश्रण सफलतापूर्वक हासिल किया गया जबकि जून 2025 में इसका स्तर बढ़कर 19.9 प्रतिशत पर पहुंच गया जो 20 प्रतिशत के नियत लक्ष्य के लगभग बराबर ही है। 

हाल के वर्षों में पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इससे गन्ना किसानों के बकाए का सही समय पर भुगतान संभव हो रहा है और 2023-24 तक पेट्रोलियम आयात में कटौती के कारण 1 ट्रिलियन रुपए से अधिक मूल्य की विदेशी मुद्रा की बचत करने में सहायता मिली है।

मंत्रालय के मुताबिक 2025-26 के मार्केटिंग सीजन नवम्बर-अक्टूबर तक के लिए एथनॉल मिश्रण के लक्ष्य में कोई बदलाव नहीं किया गया है और इसलिए चीनी मिलों तथा अनाज आधारित डिस्टीलरीज को मीडिया रिपोर्ट पर भरोसा नहीं करना चाहिए।