पैदावार में कमी से अजवायन तेज : मंदे की संभावना नहीं

03-Jun-2026 07:25 PM

पैदावार में कमी से अजवायन तेज : मंदे की संभावना नहीं 

नई दिल्ली। हाल ही में अजवायन की कीमतों में क्वालिटीनुसार 10/15 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की जा चुकी है और अभी भी बाजार में धारणा तेजी की बनी हुई है। उल्लेखनीय है कि प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात के अलावा मध्य प्रदेश में भी अजवायन का उत्पादन कमजोर माना जा रहा है। वर्तमान में गुजरात एवं मध्य प्रदेश की मंडियों में ग्रीष्मकालीन अजवायन की आवक हो रही है। 

अजवायन का उत्पादन मुख्यत: गुजरात, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश एवं महाराष्ट्र के नंदूरबार लाइन पर होता है। हालांकि महाराष्ट्र की फसल कम मात्रा में होने के कारण अधिकांश माल की खपत लोकल में हो जाती है। जबकि अन्य क्षेत्रों में उत्पादन अच्छा होने के कारण खपत केन्द्रों पर माल की सप्लाई की जाती है।  

उत्पादन अनुमान

गुजरात एक ऐसा राज्य है जहां पर अजवायन की फसल साल में दो बार आती है। शरदकालीन एवं ग्रीष्मकालीन। जबकि अन्य राज्यों में ग्रीष्मकालीन फसल होती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष गुजरात में शरदकालीन फसल गत वर्ष के 1 लाख बोरी के मुकाबले 50/60 हजार बोरी ही आई थी। जबकि ग्रीष्मकालीन फसल इस वर्ष 2.50/2.75 लाख बोरी होने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे हैं जबकि गत वर्ष उत्पादन लगभग 4 लाख बोरी का रहा था। इसके अलावा मध्य प्रदेश में भी इस वर्ष उत्पादन 50/60 हजार बोरी होने के समाचार है जबकि गत वर्ष उत्पादन 75/80 हजार बोरी का रहा था। महाराष्ट्र में नंदूरबार लाइन पर पैदावार 25/30 हजार बोरी मानी जा रही है। आंध्र प्रदेश में इस वर्ष उत्पादन 1.75/2 लाख बोरी होने के अनुमान लगाए गए हैं। अधिकांश माल की आवक मंडियों में हो जाने के कारण आंध्र  प्रदेश की करनूल मंडी में अजवायन की नीलामी सप्ताह में दो दिन कर दी गई है। सूत्रों का मानना है कि कुल उत्पादन का लगभग 1.50 लाख बोरी मंडियों में आ चुका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजाई क्षेत्रफल में कमी आने के पश्चात इस वर्ष मौसम भी प्रतिकूल रहा जिस कारण से उत्पादन के साथ-साथ क्वालिटी भी प्रभावित हुई है। वर्तमान में गुजरात की मंडियों में हल्की क्वालिटी के मालों की आवक हो रही है। 

आवक

पैदावार में कमी आने के कारण मंडियों में आवक भी घट रही है। गुजरात की ऊंझा मंडी में आवक 1000/1200 बोरी की हो रही है जबकि जामनगर में आवक 500/600 बोरी की रह गई है। मध्य प्रदेश की नीमच मंडी में भी आवक 700/800 बोरी की चल रही है। जबकि आंध्र प्रदेश की करनूल मंडी में साप्ताहिक आवक 2000/2500 बोरी की हो रही है। 

कीमतों में तेजी 

विगत एक पखवाड़े के दौरान अजवायन के दामों में 10/15 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की गई है और उत्पादक   केन्द्रों की मंडियों पर क्वालिटीनुसार भाव 130/210 रुपए प्रति किलो पर बोले जाने लगे हैं। वर्तमान हालात को देखते हुए अभी भी कीमतों में मंदे की संभावना नहीं है। सूत्रों का मानना है कि अभी भी बाजार में 15/20 रुपए प्रति किलो की तेजी संभव है।