रिकॉर्ड फ्री सेल कोटा से चीनी बाजार पर दबाव बढ़ने की संभावना
16-Sep-2026 10:34 AM
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार द्वारा चालू माह (सितम्बर) के लिए कुल मिलाकर 26.50 लाख टन चीनी का रिकॉर्ड फ्री सेल कोटा नियत किया गया है जिससे घरेलू बाजार में इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ने एवं कीमतों पर दबाव पड़ने की संभावना है। अब चीनी का फ्री सेल कोटा मासिक आधार पर नहीं बल्कि पाक्षिक आधार पर नियत किया जाता है।
सितम्बर के प्रथम पखवाड़े (1-15 सितम्बर) के लिए 13 लाख टन एवं दूसरे पखवाड़े (16-30 सितम्बर) के लिए 13.50 लाख टन चीनी की घरेलू बिक्री का कोटा नियत किया गया जिससे सितम्बर 2026 का पूरा कोटा बढ़कर 26.50 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया जो अगस्त के सम्पूर्ण कोटा 22.50 लाख टन से 4 लाख टन ज्यादा है।
हालांकि अभी महाराष्ट्र सहित कुछ अन्य राज्यों में गणेश चतुर्थी का त्यौहार काफी धूमधाम से मनाया जा रहा है जिससे वहां चीनी की मांग एवं खपत बढ़ रही है। लेकिन उसके मुकाबले 13.50 लाख टन का फ्री सेल कोटा काफी बड़ा प्रतीत होता है।
चीनी के एक्स फैक्टरी मूल्य एवं थोक बाजार भाव में शीर्ष स्तर के मुकाबले काफी गिरावट आ चुकी है लेकिन खुदरा दाम अब भी काफी ऊंचा चल रहा है। सरकार इसे भी सामान्य स्तर (40-45 रुपए प्रति किलो) पर लाने की कोशिश कर रही है। जुलाई में चीनी का यही रेट चल रहा था। त्यौहारी सीजन अभी जारी है मगर इसका पीक समय अक्टूबर-नवम्बर में आएगा।
