राष्ट्रीय स्तर पर 9.66 लाख टन से अधिक तुवर की खरीद की स्वीकृति

26-Dec-2024 08:35 PM

नई दिल्ली । केन्द्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा देश के विभिन्न उत्पादक राज्यों में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कुल मिलाकर 9,66,575 टन तुवर की खरीद करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इसके अंतर्गत उत्तर प्रदेश में 3,95,170 टन, कर्नाटक में 3,06,150 टन, तेलंगाना में 1,69,140 टन, आंध्र प्रदेश में 95,620 टन तथा हरियाणा में 495 टन की खरीद की मंजूरी शामिल है।

इसके अलावा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश एवं गुजरात जैसे राज्यों में भी तुवर का अच्छा उत्पादन होता है मगर वहां फिलहाल खरीद की मात्रा का निर्धारण नहीं किया गया है।

महाराष्ट्र तो तुवर के उत्पादन में कर्नाटक के बाद दूसरे नम्बर पर रहता है मगर वहां खरीद की मात्रा नियत नहीं होना हैरानी की बात है।

इस बार कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में तुवर की फसल को काफी नुकसान होने की आशंका व्यक्त की जा रही है जबकि वह इसका सबसे प्रमुख उत्पादक जिला है। दूसरी ओर महाराष्ट्र में तुवर का शानदार उत्पादक होने की उम्मीद की जा रही है। 

हरियाणा में तुवर की सरकारी खरीद की अवधि 1 से 31 दिसम्बर 2024 तक नियत की गई है जबकि अन्य प्रांतों में खरीद की खपत सीमा का निर्धारण राज्य सरकारों द्वारा किया जाना है।

इसमें केन्द्रीय न्यूनतम समर्थन मूल्य 7550 रुपए प्रति क्विंटल  निर्धारित किया गया है जबकि इसका बाजार भाव हाल के महीनों में तेजी से नीचे आया है।

निर्यातक देशों में भी तुवर की कीमतों में गिरावट आने की सूचना मिल रही है। कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश सहित अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों में तुवर के नए माल की आवक शुरू हो चुकी है।