सामान्य बिजाई एवं सीमित कारोबार के कारण कनाडा में मसूर का भाव स्थिर

16-May-2025 12:32 PM

सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में मसूर की बिजाई तो सामान्य ढंग से हो रही है लेकिन वर्तमान स्टॉक एवं आगामी फसल की खरीद के लिए व्यापारियों / निर्यातकों की सीमित दिलचस्पी देखी जा रही है जिससे इसकी कीमतों में स्थिरता का माहौल बना हुआ है।

सस्कैचवान प्रान्त की मंडियों में मोटी हरी मसूर एवं छोटी हरी मसूर में कारोबार नगण्य हो रहा है मगर लाल मसूर में कुछ व्यापारिक गतिविधियां देखी जा रही हैं।

मोटी हरी मसूर का भाव 45-47 सेंट प्रति पौंड, छोटी हरी मसूर का दाम 40-42 सेंट प्रति पौंड तथा लाल मसूर का मूल्य 33 सेंट प्रति पौंड चल रहा है। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 5 मई 2025 तक सस्कैचवान प्रान्त में चिन्हित क्षेत्रफल के सापेक्ष 34 प्रतिशत भाग में मसूर की बिजाई पूरी हो चुकी थी जो अब 50 प्रतिशत से ऊपर पहुंच चुकी होगी।

बिजाई की गति कुल मिलाकर सामान्य है क्योंकि मौसम काफी हद तक अनुकूल बना हुआ है। बाजार की हालत पर गहरी नजर रखी जा रही है।

भारत में मसूर पर 10 प्रतिशत का मौलिक आयात शुल्क लगाया गया है जो कनाडा के निर्यातकों के लिए ज्यादा चिंताजनक नहीं है। ऑस्ट्रेलिया में इस बार मसूर का उत्पादन काफी घट गया जबकि कनाडा में इसकी अच्छी पैदावार हुई थी। अगले उत्पादन पर बाजार का ध्यान केन्द्रित है। 

जहां तक आगामी नई फसल का सवाल है तो इसकी खरीद बिक्री का अग्रिम अनुबंध ज्यादा नहीं हो रहा है। लाल मसूर एवं मोटी हरी मसूर का अग्रिम अनुबंध गत वर्ष से काफी पीछे है जबकि छोटी हरी मसूर का अनुबंध पिछले साल के लगभग बराबर ही चल रहा है।

खरीदार अगली फसल की खरीद के लिए ज्यादा सक्रियता नहीं दिखा रहे हैं और संभवतः बिजाई की प्रक्रिया के समाप्त होने का इंतजार कर  रहे हैं। खाद्य मसूर में थोड़ा-बहुत कारोबार हो रहा है।

अगस्त-सितम्बर में वहां मसूर की नई फसल तैयार होकर मंडियों में पहुंचने लगेगी इसलिए खरीदार जून-जुलाई में अग्रिम अनुबंध करने पर विशेष जोर दे सकते हैं। कनाडा दुनिया में मसूर का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है।