समर्थन मूल्य और सोयाबीन एवं मूंगफली की खरीद में सुधार के संकेत

13-Dec-2024 02:09 PM

नई दिल्ली । खरीफ कालीन तिलहन फसलों के घटते बाजार भाव को थामने के लिए केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने प्रमुख उत्पादक राज्यों में मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) पर सोयाबीन, मूंगफली, सूरजमुखी एवं तिल की खरीद की घोषणा की थी और खरीद का लक्ष्य भी निर्धारित किया था।

सोयाबीन की खरीद का लक्ष्य 33.61 लाख टन, मूंगफली का 20.47 लाख टन, सूरजमुखी का 13 हजार टन एवं तिल का करीब 32 हजार टन नियत किया गया है।

कृषि मंत्रालय ने 2024-25 सीजन के लिए सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 4892 रुपए प्रति क्विंटल, मूंगफली का 6783 रुपए, सूरजमुखी का 7280 रुपए तथा तिल का 9267 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इसी मूल्य स्तर पर तिलहनों की खरीद की जा रही है। 

नवीनतम उपलब्ध आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार चालू मार्केटिंग सीजन में 12 दिसम्बर 2024 तक सोयाबीन की कुल खरीद 4.15 लाख टन पर पहुंची जिसके तहत मध्य प्रदेश में 2.17 लाख टन, महाराष्ट्र में 1.09 लाख टन, तेलंगाना में 58 हजार टन, गुजरात में 12 हजार टन, राजस्थान में 11 हजार टन तथा कर्नाटक में 7 हजार टन की खरीद शामिल है।

सोयाबीन खरीद की प्रक्रिया दिसम्बर-जनवरी में जारी रहेगी। मध्य प्रदेश में 13.68 लाख टन, महाराष्ट्र में 14.13 लाख टन, राजस्थान में 2.94 लाख टन, गुजरात में 1.14 लाख टन, कर्नाटक में 1.11 लाख टन तथा तेलंगाना में 60 हजार टन सोयाबीन की खरीद को मंजूरी दी गई है। 

मूंगफली की कुल खरीद अभी तक 1.97 लाख टन पर पहुंची है। इसके तहत गुजरात में 1.51 लाख टन, राजस्थान में 33 हजार टन तथा उत्तर प्रदेश में करीब 13 हजार टन की खरीद हुई है।

ध्यान देने की बात है कि इस बार गुजरात में 13.06 लाख टन, राजस्थान में 5.32 लाख टन, उत्तर प्रदेश में 1.07 लाख टन, कर्नाटक में 58 हजार टन, आंध्र प्रदेश में 41 हजार टन तथा हरियाणा में 3535 टन मूंगफली की खरीद की स्वीकृति दी गई है।

इसके अलावा कर्नाटक में 13,210 टन सूरजमुखी की खरीद का लक्ष्य रखा गया है जबकि वास्तविक खरीद 3065 टन पर पहुंची है।

तिल की खरीद का लक्ष्य 31,596 टन नियत हुआ है जिसके तहत उत्तर प्रदेश में 31,473 टन तथा हरियाणा में 123 टन की खरीद का लक्ष्य शामिल है। तिल की सरकारी खरीद अभी तक शुरू नहीं हुई है।