सीमित कारोबार के बीच उत्तरी अमरीका महाद्वीप में काबुली चना का भाव स्थिर

05-Oct-2024 01:09 PM

पनामा । उत्तरी अमरीका महाद्वीप में काबुली चना का उत्पादन मुख्यत: तीन देशों- मैक्सिको, कनाडा एवं संयुक्त राज्य अमरीका (यूएसए) में होता है।

फिलहाल विदेशी आयातकों की सतर्कता एवं सीमित मांग के कारण वहां इसका भाव लगभग स्थिर हो गया है।

कुछ दिन पूर्व बाजार में थोड़ी तेजी-आई थी मगर अब पुनः स्थिति सामान्य हो गई है। कनाडा में नम्बर 2 श्रेणी के बड़े दाने वाले काबुली चना का दाम 38-40 सेंट प्रति पौंड के बीच स्थिर बना हुआ है और व्यापार विश्लेषकों का मानना है कि आयातकों की जोरदार मांग निकलने पर ही इसमें कुछ सुधार आ सकता है। 

सरकारी एजेसनी- स्टैट्स कैन ने कनाडा में चना की औसत उपज दर करीब 25 बुशेल प्रति एकड़ रहने का अनुमान लगाया है मगर अन्य फसलों की उत्पादकता को देखते हुए यह आंकड़ा कुछ ऊंचा प्रतीत होता है।

वैसे कनाडा में इस बार चना का क्षेत्रफल और उत्पादन बढ़ा है मगर भारत में उत्पादन घटकर 2018-19 सीजन के बाद सबसे नीचे स्तर पर आ गया।

इसके फलस्वरूप चना के दाम में भारी बढ़ोत्तरी हो गई और ऑस्ट्रेलिया से जोरदार आयात शुरू होने तक भारत में चना के दाम में ज्यादा नरमी आना कठिन लगता है।

ऑस्ट्रेलिया से भारत में चना का आयात नवम्बर-दिसम्बर से बढ़ने की संभावना है। इन्हीं  महीनों के दौरान भारत में चना की जोरदार बिजाई भी होगी।

इस बार क्षेत्रफल बढ़ने के आसार हैं और उत्पादन में वृद्धि का संकेत मिलने पर बाजार काफी हद तक स्थिर या नरम पड़ सकता है। तब तक चना में त्योहारी मांग भी समाप्त हो चुकी होगी।

मैक्सिको, अमरीका तथा कनाडा में खरीदार फिलहाल काबुली चना की खरीद में कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं जिससे कीमतों में स्थिरता देखी जा रही है।