सीमित कारोबार के साथ कनाडा में मसूर का भाव नीचे स्तर पर स्थिर

27-Sep-2025 10:40 AM

रेगिना। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में मसूर का सीमित कारोबार हो रहा है क्योंकि कमजोर निर्यात मांग के कारण खरीदार इसकी लिवाली में कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

नई फसल की कटाई-तैयारी तो लगभग समाप्त हो चुकी है मगर किस ग्रेड का कितना माल उपलब्ध है इसकी स्पष्ट तस्वीर अभी तक सामने नहीं आई है। खरीदार इससे संबंधित आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। 

भारत, तुर्की एवं संयुक्त अरब अमीरात जैसे प्रमुख बाजारों में फिलहाल कनाडाई मसूर की मांग कमजोर है जबकि रूस एवं अमरीका में नया माल आ रहा है।

कनाडा को मसूर के वैश्विक निर्यात बाजार में सबसे कठिन चुनौती एवं सख्त प्रतिस्पर्धा ऑस्ट्रेलिया से मिलने वाली है जहां इस महत्वपूर्ण दलहन का उत्पादन गत वर्ष के मुकाबले करीब 34 प्रतिशत उछलकर 17 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।

ऑस्ट्रेलिया में मसूर के नए माल की छिटपुटआवक शुरू हो गई है जबकि अगले महीने से इसकी रफ्तार तेज होने की संभावना है। इसके फलस्वरूप वैश्विक बाजार में मसूर की आपूर्ति एवं उपलब्धता तेजी से बढ़ेगी और कीमतों पर दबाव पड़ सकता है।

कनाडा की मंडियों में नम्बर 2 ग्रेड की मोटी हरी मसूर का दाम घटकर 27 सेंट प्रति पौंड एफओबी फार्म के निचले स्तर पर आ गया है जिससे उत्पादक काफी चिंतित हैं और उसे अपना उत्पादन बेचने का समुचित प्रोत्साहन नहीं मिल रहा है।

इसी तरह वहां लाल मसूर का भाव गिरकर 23.5 सेंट प्रति पौंड तथा छोटी हरी मसूर का मूल्य 21 सेंट प्रति पौंड पर आ गया है। खरीदार फिलहाल पहले खरीदे गए अपने स्टॉक को निपटाने में व्यस्त हैं। उत्पादक बाजार में तेजी आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं मगर हालात को देखते हुए कीमतों में ज्यादा इजाफा होना मुश्किल लगता है।