साप्ताहिक समीक्षा-गेहूं

15-Feb-2025 07:45 PM

मिलर्स-प्रोसेसर्स की जबरदस्त मांग से गेहूं के मूल्य में भारी उछाल  

नई दिल्ली। थोक मंडियों में आवक काफी कम होने तथा मिलर्स- प्रोसेसर्स की जोरदार मांग निकलने से 8-14 फरवरी वाले सप्ताह के दौरान गेहूं के दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल का उछाल दर्ज किया गया। 
दिल्ली 
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यूपी / राजस्थान के गेहूं का भाव 205 रुपए उछलकर पुनः 3300/3325 रुपए प्रति क्विंटल की ऊंचाई पर पहुंच गया। गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश की मंडियों में भी स्थानीय गेहूं की कीमतों में भारी वृद्धि हुई। इंदौर में यह 216 रुपए बढ़कर 2950/3560 रुपए प्रति क्विंटल तथा डबरा में 190 रुपए बढ़कर 3230/3240 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। मध्य प्रदेश की अन्य मंडियों में भी 50-100 रुपए की तेजी रही। 
राजस्थान 
राजस्थान की मंडियां भी गर्म रहीं। वहां गेहूं का भाव कोटा में 190 रुपए बढ़कर 3150/3350 रुपए प्रति क्विंटल तथा बूंदी में 250 रुपए उछलकर 3000/3200 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की मंडियों में 100-170 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़त दर्ज की गई लेकिन महाराष्ट्र के जालना में भाव 100 रुपए गिरकर 2700/3400 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया।  
बिक्री ऑफर 
थोक मंडियों में भाव उछलने से चिंतित खाद्य मंत्रालय के खुले बाजार बिक्र योजना के तहत गेहूं के साप्ताहिक ऑफर की मात्रा को 1.50 लाख टन से दोगुना बढ़ाकर 3 लाख टन नियत कर दिया है। दरअसल उसे इस बात की चिंता सता रही है कि अगर मंडी भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के आपस या उससे नीचे नहीं आया तो केन्द्रीय पूल के लिए अपेक्षित मात्रा में गेहूं की खरीद में कठिनाई हो सकती है। यद्यपि राष्ट्रीय स्तर पर गेहूं के औसत मूल्य में थोड़ी गिरावट आई थी लेकिन फिर भी यह समर्थन मूल्य से ऊंचा ही रहा था। पुनः बाजार में भारी तेजी का माहौल बन गया है। अगले महीने से कुछ राज्यों में गेहूं की अगैती फसल की छिटपुट कटाई-तैयारी आरंभ होने वाली है जबकि इसकी रफ्तार अप्रैल में बढ़ेगी। 
स्टॉक 
केन्द्रीय पूल में गेहूं का सीमित स्टॉक बचा हुआ है जबकि इसकी निकासी में कमी नहीं आ रही है। गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है जबकि राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में इससे ऊपर 125 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने का निर्णय लिया गया है। इससे वहां किसानों को 2550 रुपए प्रति क्विंटल का मूल्य मिलेगा। वर्तमान समय में वहां गेहूं का थोक मंडी भाव 2800/3000 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है जो सरकार के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।