साप्ताहिक समीक्षा-गेहूं

20-Dec-2025 07:42 PM

खरीदारों की थोड़ी-बहुत लिवाली से गेहूं में मिश्रित रुख 

नई दिल्ली। आपूर्ति सामान्य होने तथा मिलर्स- प्रोसेसर्स की थोड़ी-बहुत लिवाली जारी रहने से 13-19 दिसम्बर वाले सप्ताह के सप्ताह के दौरान गेहूं के दाम में कहीं तेजी तो कहीं नरमी दर्ज की गई। 
दिल्ली 
दिल्ली में 5000-8000 बोरी की दैनिक आवक के साथ गेहूं का दाम 10 रुपए गिरकर 2790/2800 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। राजकोट में पिछले सप्ताह गेहूं का भाव नरम रहा था लेकिन रहा सप्ताह तुवर 100 रुपए बढ़कर 2500/3100 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। 
मध्य प्रदेश 
मध्य प्रदेश की मंडियों में गेहूं की सामान्य आवक हो रही है। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान गेहूं का भाव डबरा में तो 30 रुपए नरम रहा मगर उज्जैन में 150 रुपए तथा इटारसी में 40 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गया। 
राजस्थान 
दूसरी ओर राजस्थान के कोटा में कमजोर कारोबार के बीच गेहूं का भाव 70 रुपए घटकर 2400/2500 रुपए प्रति क्विंटल के निम्न स्तर पर आ गया। उत्तर प्रदेश की मंडियों में माल की आवक कम हो रही है। इस राज्य में गेहूं की अच्छी बिजाई होने की सूचना मिल रही है। वहां भाव 20-30 रुपए तेज रहा। महाराष्ट्र की जालना मंडी शांत रही। 
बिजाई तेज 
रबी सीजन के सबसे प्रमुख खाद्यान्न का थोक मंडी भाव आमतौर पर नरम रहने के बावजूद बिजाई क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है। इस वर्ष 12 दिसम्बर तक इसका उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के मुकाबले करीब 17 लाख हेक्टेयर उछलकर 275 लाख हेक्टेयर से ऊपर पहुंच गया। 
एमएसपी में बढ़ोत्तरी 
गेहूं की खेती में भारतीय किसानों का जबरदस्त उत्साह एवं आकर्षण बरकरार है। सरकार ने इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य 160 रुपए बढ़ाकर 2025-26 सीजन के लिए 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। चालू सीजन के दौरान इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न का उत्पादन बढ़कर 1200 लाख टन से ऊपर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है जो सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर होगा। इससे घरेलू बाजार भाव पर आगे भी दबाव बना रह सकता है।