साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली

29-Mar-2025 07:36 PM

मांग एवं आपूर्ति के अनुरूप मूंगफली के भाव में मिश्रित रूख  

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार द्वारा मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत रिकॉर्ड मात्रा में किसानों से खरीफ कालीन मूंगफली की खरीद किए जाने के बावजूद इस महत्वपूर्ण तिलहन की कीमतों में उम्मीद के अनुरूप तेजी नहीं आई। 
आवक 
गुजरात के गोंडल में 25 मार्च को 25 हजार बोरी तथा राजकोट में 10 हजार बोरी मूंगफली की आवक हुई जबकि इसका भाव क्रमश: 5000/5600 रुपए प्रति क्विंटल 6000/8000 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा। मूंगफली का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6783 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है।  
भाव 
22-28 मार्च वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली का भाव राजस्थान के बीकानेर में 100 रुपए गिरकर 5200 रुपए प्रति क्विंटल तथा महाराष्ट्र के सोलापुर में 200 रुपए घटकर 7000 रूपए प्रति क्विंटल पर आ गया। हालांकि उत्तर प्रदेश की मंडियों में 100-150 रुपए की तेजी रही मगर वहां भाव पहले से ही काफी नीचे चल रहा है। मूंगफली का भाव यूपी के झांसी एवं महोबा में 100-100 रुपए सुधरकर क्रमश: 4200/4600 रुपए प्रति क्विंटल एवं 4400/4700 रुपए प्रति क्विंटल और मऊरानीपुर में 150 रुपए बढ़कर 4300/4500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा लेकिन फिर भी एमएसपी से काफी नीचे रहा। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली दाने में सीमित कारोबार होने से कीमतों में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया। जयपुर में 60/70 काउंट वाले दाने में 100 रुपए का सुधार आया जबकि सोलापुर में 90/100 काउंट वाले दाने का दाम 300 रुपए घटकर 9000 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। 
मूंगफली तेल 
मूंगफली तेल का कारोबार कमजोर रहा और लूज रूप में इसका भाव 25 रुपए प्रति 10 किलो तक घट गया। राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में 25 रुपए की गिरावट रही। राजस्थान में भी दाम नरम देखा गया। लेकिन ब्रांडेड मूंगफली तेल की कीमत 10-20 रुपए सुधर गई। फिल्टर्ड तेल के मूल्य में भी सुधार दर्ज किया गया। 
मूंगफली डीओसी 
लेकिन ऑयल केक एवं डीओसी में सुस्त कारोबार के बीच कीमतों में स्थिरता बरकरार रही। मूंगफली दाने एवं तेल की निर्यात मांग कमजोर पड़ गई है।