साप्ताहिक समीक्षा - मूंगफली

10-May-2025 07:28 PM

सीमित कारोबार के बीच यूपी में मूंगफली का भाव सुधरा  

नई दिल्ली। हालांकि 3 से 9 मई वाले सप्ताह के दौरान गुजरात, महाराष्ट्र एवं राजस्थान की मंडियों में सीमित कारोबार के कारण मूंगफली का भाव पिछले स्तर पर ही बरकरार रहा मगर उत्तर रपदेश (यूपी) में थोड़ी बहुत लिवाली होने से कीमतों में 100-200 रुपए सुधार दर्ज किया गया। गुजरात की राजकोट मंडी में 4-5 हजार बोरी मूंगफली दैनिक आवक हुई और कीमत 6000/8000 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रही। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की झांसी मंडी में 1000-2000 बोरी की औसत दैनिक आवक के साथ मूंगफली का भाव 200 रुपए कड़कर 4500/4900 रुपए प्रति क्विंटल, महोबा में 1750-2750 बोरी की आवक के साथ दाम 100 रुपए बढ़कर 4500/5000 रुपए प्रति क्विंटल तथा मऊरानीपुर में 750-1650 बोरी की आपूर्ति के साथ मूल्य 50 रुपए सुधरकर 4500/4800 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली के दाने का कारोबार सुस्त एवं भाव स्थिर रहा। जयपुर में 60/70 काउंट वाले दाने का दाम 100 रुपए गिरकर 7500 रुपए  प्रति क्विंटल पर आ गया। नागपुर में भी 50/60 काउंट वाले दाने का भाव 200 रुपए घटकर 10200 रुपए प्रति क्विंटल तथा 60/70 काउंट वाले दाने का मूल्य 100 रुपए गिरकर 9600 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। अन्य काउंट वाले दाने में कारोबर बेहद सुस्त रहा।
मूंगफली तेल 
लूज रूप में मूंगफली तेल में अच्छा कारोबार हुआ जिससे इसके दाम में 1 से 6 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। राजकोट जूनागढ़, जामनगर एवं गोंडल में मूंगफली तेल का भाव 35 रुपए की बढ़ोत्तरी के साथ 1325 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। इसके अलावा अहमदाबाद, मुम्बई, बीकानेर एवं नेवाई / टोंक में भी भाव तेज रहा। कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल की कीमतों में कोई  बदलाव नहीं आया और भाव पुराने स्तर पर ही स्थिर बना रहा। फिल्टर्ड तेल में 10-15 रुपए की तेजी-मंदी देखी गई। 
खरीद / बिक्री 
सरकार द्वारा 2024-25 के खरीफ मार्केटिंग सीजन में मूंगफली की रिकॉर्ड खरीद की गई और अब इसकी बिक्री की जा रही है। इससे आपूर्ति एवं उपलब्धता का दबाव बढ़ने की संभावना है।