साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली
07-Jun-2025 03:41 PM
सामान्य कारोबार एवं सीमित आवक के बीच यूपी में मूंगफली में सुधार
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में मूंगफली की आवक सीमित मात्रा में हो रही है जबकि इसकी लिवाली की गति भी सुस्त बनी हुई है।
आवक
गुजरात की राजकोट मंडी में 31 मई - 6 जून वाले सप्ताह के दौरान 5-8 हजार बोरी के बीच मूंगफली की दैनिक आवक हुई लेकिन सीमित कारोबार के कारण इसका भाव 5000/6000 रुपए प्रति क्विंटल के पुराने स्तर पर ही स्थिर रहा।
राजस्थान
इसी तरह राजस्थान के जोधपुर एवं बीकानेर तथा महाराष्ट्र के सोलापुर में भी मूंगफली की कीमतों में कोई बदलाव नहीं आया। मगर उत्तर प्रदेश (यूपी) के झांसी एवं मऊरानीपुर में नीचे मूल्य पर कुल कारोबार होने से कीमतों में 100-100 रुपए का सुधार दर्ज किया गया।
मूंगफली दाना
छिलका रहित मूंगफली के दाने में भी आमतौर पर कारोबार कमजोर देखा गया और बीकानेर तथा जयपुर में इसका भाव स्थिर बना रहा। लेकिन जोधपुर में 40/50 काउंट तथा 50/60 काउंट वाले दाने का दाम 100-100 रुपए सुधरकर क्रमश: 8700 रुपए एवं 8200 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। दूसरी ओर नागपुर में कमजोर कारोबार के कारण 50/60 काउंट वाले दाने का भाव 100 रुपए गिरकर 10200 रुपए प्रति क्विंटल तथा 60/70 काउंट वाले दाने का मूल्य 200 रुपए घटकर 9400 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। जलगांव, सोलापुर एवं मुम्बई जैसे केन्द्रों में भाव स्थिर देखे गए।
मूंगफली तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल के भाव राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में 25 रुपए गिरकर 1325 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया लेकिन राजकोट में 15 किलो वाली तेलिया टीन का दाम 20 रुपए सुधरकर 2150 रुपए पर पहुंच गया। राजस्थान के कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल की टीन का दाम 2350 रुपए पर स्थिर रहा। राजस्थान के ही जयपुर एवं नेवई में फिल्टर्ड मूंगफली तेल में सीमित कारोबार से कीमत लगभग स्थिर बनी रही।
मूंगफली ऑयल केक
मूंगफली ऑयल केक में भी ज्यादा कारोबार नहीं हुआ जबकि डीओसी में मांग कमजोर रही। खरीफ कालीन मूंगफली की बिजाई का सीजन नजदीक आ गया है। नैफेड द्वारा अपने स्टॉक से मूंगफली की बिक्री की जा रही है।
