साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली
06-Sep-2025 08:06 PM
उत्तर प्रदेश की मंडियों में अच्छे कारोबार से मूंगफली के दाम में सुधार
नई दिल्ली। हालांकि गुजरात तथा राजस्थान की मंडियों में माल की सीमित आवक होने तथा कारोबार सुस्त रहने से मूंगफली का भाव पिछले स्तर पर ही स्थिर रहा मगर उत्तर प्रदेश की मंडियों में नीचे दाम पर कुछ कारोबार होने से कीमतों में 200 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी दर्ज की गई। 30 अगस्त से 5 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली का दाम बीकानेर में 5300 रुपए प्रति क्विंटल तथा महाराष्ट्र के सोलापुर में 6500 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर कायम रहा जबकि उत्तर प्रदेश के महोबा में 200 रुपए बढ़कर 4800/5400 रुपए प्रति क्विंटल तथा मऊरानीपुर में 175 रुपए बढ़कर 4650/4975 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। झांसी में 4500/5000 रुपए के मूल्य स्तर पर कोई बदलाव नहीं हुआ।
आवक
मूंगफली की औसत दैनिक आवक झांसी में 750-1500 बोरी, महोबा में 125-225 बोरी एवं मऊरानीपुर में 225-450 बोरी दर्ज की गई।
मूंगफली दाना
छिलका रहित मूंगफली आने में भी कारोबार सुस्त रहा और इसमें मिलर्स तथा निर्यातकों की मांग कमजोर देखी गई। इंडोनेशिया में भारतीय मूंगफली के आयात पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है जिसका असर घरेलू बाजार पर पड़ने लगा है। बीकानेर में मूंगफली दाने का भाव 8300 से 9000 रुपए प्रति क्विंटल के बीच स्थिर रहा। लेकिन सोलापुर में 50/60 काउंट वाले दाने का दाम 100 रुपए सुधरकर 10500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
मूंगफली तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल का दाम गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में 25 रुपए बढ़कर 1350 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। 15 किलो वाला तेलिया टीन भी 30 रुपए की वृद्धि के साथ 2160 रुपए हो गई। अहमदाबाद में 30 रुपए की बढ़त रही।
ब्रांडेड तेल
ब्रांडेड मूंगफली तेल का भाव कोटा में 50 रुपए घटकर 2350 रुपए प्रति क्विंटल रह गया क्योंकि इसमें खरीदारों की मांग कमजोर रही लेकिन फिलटर्ड मूंगफली तेल में कुछ खरीद-बिक्री होने से जयपुर एवं नेवाई में इसका भाव 15 से 25 रुपए प्रति 10 किलो तेज रहा।
मूंगफली ऑयल केक
मूंगफली ऑयल केक में बहुत कम कारोबार हुआ मगर डीओसी का भाव कुछ हद तक मिश्रित रहा। खरीफ कालीन मूंगफली की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है।
