कनाडा में लाल मसूर का भाव हरी मसूर से ऊपर पहुंचा

18-Apr-2026 04:40 PM

सस्काटून। आमतौर पर कनाडा में लाल मसूर की तुलना में हरी मसूर का भाव काफी ऊंचा रहता है लेकिन इस वर्ष विपरीत स्थिति देखी जा रही है। मध्य अप्रैल में लाल मसूर का दाम हरी मसूर से 1-2 सेंट प्रति पौंड ऊपर चल रहा था। वर्ष 2014 के बाद पहली बार ऐसा हुआ। उस समय फरवरी-अगस्त के 27 सप्ताहों तक लाल मसूर का मूल्य हरी मसूर से कुछ ऊंचा रहा था। 

व्यापार विश्लेषकों के मुताबिक अंतर्राष्ट्रीय बाजार में हरी मसूर के मुकाबले लाल मसूर की मांग ज्यादा है। यदि कीमतों का मौजूदा स्तर आगे भी बरकरार रहा तो किसानों की बिजाई धारणा में बदलाव हो सकता है।

कनाडा में मसूर की बिजाई लगभग आरंभ हो गई है। वर्ष 2025 के दौरान वहां बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी होने तथा उपज दर ऊंची रहने से हरी मसूर का शानदार उत्पादन हुआ था लेकिन उसके अनुरूप घरेलू एवं निर्यात मांग में बढ़ोत्तरी नहीं हो सकी।

सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन के अनुसार कनाडा में मोटी हरी मसूर का उत्पादन 2024-25 सीजन के 4,50,277 लाख टन से उछलकर 2025-26 के सीजन में 10.10 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह छोटी हरी मसूर का उत्पादन भी 2,24,656 टन की तुलना में दोगुना से ज्यादा बढ़कर 5,18,424 टन की उंचाई पर पहुंच गया।