चीन में तीन भारतीय चावल निर्यातकों का लाइसेंस निलंबित
18-Apr-2026 05:50 PM
नई दिल्ली। करीब एक माह पूर्व चीन ने तीन भारतीय चावल निर्यातकों की खेपों को यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया था कि उसमें जेनेटिकली मोडिफाइड (जीएम) चावल का अंश मौजूद है। अब चीन ने इन तीनों निर्यातक फर्मों के आयात लाइसेंस को निरस्त कर दिया है। यह निर्णय 17 अप्रैल 2026 से प्रभावी हो गया है।
चीन स्थित भारतीय दूतावास ने एपीडा को इसकी जानकारी दी है। उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय का अधीनस्थ निकाय- कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) चावल निर्यात संवर्धन का भी नियामक प्राधिकरण है। दूतावास से जानकारी मिलने का बाद एपीडा ने उन तीनों प्रभावित कंपनियों को उसकी सूचना भेज दी है।
जानकार सूत्रों का कहना है कि अगर चीन इन तीनों भारतीय कंपनियों के लाइसेंस का निलंबन जारी रखता है तो भारत सरकार भी जवाबी कार्रवाई के लिए कदम उठा सकती है। सरकार का मानना है कि चीन ने जिस आधार पर लाइसेंस निरस्त करने का निर्णय लिया है वह कानूनी तौर पर वैध नहीं है। दुनिया जानती है कि भारत में जीएम धान-चावल का उत्पादन या आयात नहीं होता है।
