साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली

20-Sep-2025 08:37 PM

नए माल की आवक एवं कमजोर मांग से मूंगफली के दाम में भारी गिरावट 

नई दिल्ली। मूंगफली की कीमतों पर भारी दबाव देखा जा रहा है। इसकी नई फसल की कटाई-तैयारी एवं मंडियों में छिटपुट आवक आरंभ हो चुकी है जबकि घरेलू एवं निर्यात मांग कमजोर चल रही है। 
भाव 
13 -19 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान गुजरात के राजकोट में मूंगफली का भाव 2000 रुपए लुढ़ककर 5000/6000 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। 
आवक 
वहां 2000/3000 बोरी मूंगफली दैनिक आवक हुई जबकि गोंडल में 18 सितम्बर को 31000 बोरी एवं 19 सितम्बर को 35,000 बोरी मूंगफली की भारी आपूर्ति दर्ज की गई। आगे इसकी आवक और भी तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। 
मूंगफली 
कमजोर कारोबार के कारण मूंगफली का भाव राजस्थान के बीकानेर में 200 रुपए गिरकर 5000 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया मगर महाराष्ट्र के सोलापुर में 6800 रुपए प्रति क्विंटल के पूर्व स्तर पर स्थिर रहा। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की मंडियां कमजोर रहीं। वहां मूंगफली का दाम झांसी में 300 रुपए लुढ़ककर 4000/4700 रुपए प्रति क्विंटल, महोबा में 200 रुपए घटकर 4400/4800 रुपए तथा मऊरानीपुर में 150 रुपए गिरकर 4500/4750 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। झांसी में 1000 बोरी मूंगफली की औसत दैनिक आवक दर्ज की गई।
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली के दाने में भी कारोबार कमजोर रहा जिससे राजस्थान के बीकानेर में 40/50 तथा 50/60 काउंट वाले माल का भाव 300-300 रुपए घटकर क्रमश: 7500 रुपए एवं 7300 रुपए प्रति गिरकर रह गया जबकि 60/70 काउंट वाले दाने का दाम 200 रुपए गिरकर 7100 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। नागपुर में यह 100 रुपए गिरकर 9800 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। 
मूंगफली तेल 
लूज रूप में मूंगफली तेल का कारोबार सामान्य से कुछ कम होने के कारण गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़  एवं जामनगर में भाव 5 रुपए फिसलकर 1325 रुपए प्रति 10 किलो रह गया। इसी तरह 15 किलो वाले तेलिया टीन का मूल्य 20 रुपए गिरकर 2120 रुपए रह गया। अहमदाबाद, मुम्बई, बीकानेर तथा नेवाई / टोंक में भी कीमत 20-20 रुपए नरम रही।
ब्रांडेड तेल 
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल का भाव 2350 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर स्थिर बना रहा जबकि जयपुर एवं नेवाई में फिल्टर्ड मूंगफली तेल के दाम में कुछ नरमी देखी गई। गुजरात और राजस्थान में इस बार मूंगफली का शानदार उत्पादन होने की उम्मीद की जा रही है।