साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली

20-Dec-2025 07:37 PM

अच्छी आवक के बावजूद मूंगफली के दाम में सुधार 

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों में खरीफ कालीन मूंगफली की अच्छी आवक हो रही है लेकिन फिर भी सरकारी एवं व्यापारिक खरीद के कारण 13-19 दिसम्बर वाले सप्ताह के दौरान इसके दाम में या तो तेजी या फिर स्थिरता दर्ज की गई। 
आवक 
गुजरात के गोंडल में 45 हजार बोरी एवं राजकोट में 30 हजार बोरी की औसत दैनिक आवक होने के बावजूद मूंगफली का भाव अपने पिछले स्तर पर ही बरकरार रहा। वहां इसकी भारी सरकारी खरीद हो रही है। 
राजस्थान 
राजस्थान के बीकानेर तथा महाराष्ट्र के सोलापुर में दाम 100-100 रुपए तेज रहा। उत्तर प्रदेश के झांसी में भी 100 रुपए का सुधार आया लेकिन सबसे ज्यादा तेजी महोबा में दर्ज की गई जहां मूंगफली का दाम 1000 रुपए उछलकर 5300/6700 रुपए प्रति क्विंटल के उच्च स्तर पर पहुंच गया। मऊरानीपुर में भाव 100 रुपए नरम रहा।
मूंगफली दाना  
छिलका रहित मूंगफली के दाने में अच्छा कारोबार होने से बीकानेर में इसके दाम 200-300 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। सोलापुर में यह 400-500 रुपए तथा नागपुर में 100 रुपए प्रति क्विंटल तेज रहा। तेल मिलर्स एवं निर्यातकों द्वारा इसकी खरीद की गई। 
मूंगफली तेल 
लूज रूप में मूंगफली तेल का दाम गुजरात के गोंडल, राजकोट, जूनागढ़ एवं जामनगर में 50 रुपए उछलकर 1350 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंचा। रजकोट में 15 किलो वाले तेलिया टीन का दाम भी 70 रुपए बढ़कर 2460 रुपए हो गया। इसके अलावा अहमदाबाद, मुम्बई, बीकानेर, नेवाई / टोंक, चेन्नई तथा हैदराबाद में भी मूंगफली तेल के मूल्य में अच्छी तेजी देखी गई।  
ब्रांडेड तेल 
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल की कीमत 2350 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर स्थिर रही लेकिन फिल्टर्ड मूंगफली तेल के मूल्य में जयपुर तथा नेवाई में 100 रुपए प्रति 10 किलो तक का इजाफा दर्ज किया गया। 
मूंगफली (डीओसी) 
मूंगफली डीओसी में भी अच्छी खरीद-बिक्री हुई जिससे इसके दाम में 500 रुपए प्रति टन तक की बढ़ोत्तरी हो गई। मूंगफली की आपूर्ति तभी प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण थोक मंडियों में बढ़ती जा रही है।