साप्ताहिक समीक्षा - सरसों

15-Feb-2025 07:51 PM

क्रशिंग इकाइयों की लिवाली से सरसों के मूल्य में सुधार 

नई दिल्ली। नई फसल की जोरदार आवक शुरू होने से पूर्व क्रशिंग- प्रोसेसिंग इकाइयों द्वारा सरसों की खरीद में दिलचस्पी दिखाए जाने से 8-14 फरवरी वाले सप्ताह के दौरान इस महत्वपूर्ण तिलहन के मूल्य में आमतौर पर 100-150 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार दर्ज किया गया। 
42% कंडीशन सरसों 
42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 100 रुपए सुधरकर 6100 रुपए प्रति क्विंटल तथा जयपुर में 150 रुपए बढ़कर 6275/6300 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। हालांकि गुजरात में कीमत स्थिर रही और हरियाँ की दो तीन मंडियों में भाव नरम देखा गया मगर राज्य की अन्य मंडियों के साथ-साथ मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश में सरसों के मूल्य में तेजी दर्ज की गई। आगरा में नई सरसों की आवक होने लगी है और इसकी कीमत किसानों के लिए आकर्षक बनी हुई है।
भाव  
केन्द्र सरकार ने सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2023-24 सीजन के 5650 रुपए प्रति क्विंटल से 300 रुपए बढ़ाकर 2024-25 सीजन के लिए 5950 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है जबकि अनेक मंडियों में भाव घटकर इससे नीचे आ गया है। नैफेड के पास पिछले मार्केटिंग सीजन में खरीदी गई सरसों का अच्छा खासा स्टॉक अभी मौजूद है जबकि चालू वर्ष के दौरान भी इसे इसकी भारी खरीद करनी पड़ सकती है। राजस्थान की मंडियों में भी दाम नीचे आ गया है। आपूर्ति का दबाव बढ़ने पर कीमत और नीचे आ सकती है। 
सरसों तेल 
सरसों की कीमत सुधरने से सरसों तेल के दाम में 10 से 30 रुपए प्रति 10 किलो की वृद्धि हो गई। दिल्ली में एक्सपेलर का भाव 15 रुपए सुधरकर 1295 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। लेकिन बीकानेर में यह 60 रुपए की भारी गिरावट के साथ 1260 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया। हापुड़ में कच्ची घानी तेल का मूल्य 70 रुपए उछलकर 1440/1470 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया।
आवक 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर थोक मंडियों में 8 फरवरी को 1.65 लाख बोरी, 10 फरवरी को 2.50 लाख बोरी, 11 फरवरी को भी 2.50 लाख बोरी, 12 फरवरी को 2.25 लाख बोरी, 13 फरवरी को 2.55 लाख बोरी तथा 14 फरवरी को 2.50 लाख बोरी सरसों की आपूर्ति हुई। 
सरसों खल (डीओसी)
सरसों खल में कुछ कारोबार होने से इसके दाम में 80-100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी देखी गई। दिल्ली में भाव मजबूत रहा जबकि चरखी दादरी, मुरैना, जयपुर, भरतपुर तथा अलवर में कीमत काफी हद तक स्थिर बनी रही। अगले महीने से नई सरसों की जोरदार आवक शुरू होने की उम्मीद है।