साप्ताहिक समीक्षा - सरसों
10-May-2025 07:22 PM
मिलर्स एवं स्टॉकिस्टों की लिवाली से सरसों में तेजी
नई दिल्ली। पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रमुख उत्पादक राज्यों में सरसों की खरीद में तेल मिलर्स एवं व्यापारियों / स्टॉकिस्टों की दिलचस्पी बढ़ गई जिससे 3-9 मई वाले सप्ताह के दौरान इसके दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी आ गई। सरसों की सरकारी खरीद भी जारी है।
42% कंडीशन सरसों
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली तथा जयपुर में 100-100 रुपए की वृद्धि के साथ क्रमश: 6200 रुपए प्रति क्विंटल एवं 6350/6375 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
गुजरात
सामान्य औसत क्वालिटी की सरसों का दाम गुजरात के डीसा में 150 रुपए तथा धनेरा में 285 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गया। इसी तरह हरियाणा की विभिन्न मंडियों में सरसों के दाम में 100-150 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी रही जबकि मध्य प्रदेश की मुरैना, पोरसा एवं ग्वालियर मंडी में दाम 150 रुपए प्रति क्विंटल तेज रहा। उत्तर प्रदेश की हापुड़ मंडी में सरसों का मूल्य 50 रुपए सुधरकर 6550 रुपए प्रति क्विंटल तथा आगरा में 175 रुपए बढ़कर 6910/7150 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
सरसों
देश के सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- राजस्थान में अच्छी सरसों के दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई मगर यह कोटा में 100 रुपए गिरकर 5700/5900 रुपए प्रति क्विंटल तथा बीकानेर में 500 रुपए लुढ़ककर 4750/5050 रुपए प्रति क्विंटल पर अटक गया। अलवर में भाव 200 रुपए बढ़कर 6200 रुपए प्रति क्विंटल तथा भरतपुर में 170 रुपए बढ़कर 6120 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
सरसों तेल
सरसों की कीमतों में तेजी की वजह से सरसों तेल का दाम भी उछल गया। इसमें 30 से 60-70 रुपए प्रति 10 किलो की भारी तेजी दर्ज की गई। एक्सपेलर का दाम दिल्ली में 35 रुपए बढ़कर 1325 रुपए, चरखी दादरी में 65 रुपए उछलकर 1355 रुपए तथा गंगानगर में 70 रुपए बढ़कर 1340 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। अन्य केन्द्रों में भी इसमें 30 से 50 रुपए तक की तेजी दर्ज की गई।
आवक
प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में सरसों की आवक 3 मई को 5.50 लाख बोरी, 5 मई को 6.25 लाख बोरी, 6 मई को 5.25 लाख बोरी, 7 मई को 4.25 लाख बोरी, 8 मई को 3.50 लाख बोरी और 9 मई को 4.50 लाख बोरी दर्ज की गई जबकि प्रत्येक बोरी 50 किलो की होती है।
सरसों खल (डीओसी)
सरसों खल एवं डीओसी में अच्छा कारोबार हुआ जिससे इसकी कीमतों में सुदहर आया। सरसों खल का भाव 20-30 रुपए प्रति क्विंटल तथा डीओसी का दाम 800 रुपये प्रति टन बढ़ गया।
