साप्ताहिक समीक्षा- सरसों

07-Jun-2025 03:46 PM

सामान्य कारोबार के खाद्य सरसों के दाम में सीमित उतार-चढ़ाव 
 
नई दिल्ली। सरसों में कारोबार की रफ्तार 31 मई से 6 जून वाले सप्ताह के दौरान कुछ धीमी देखी गई जिससे इसकी कीमतों में सीमित तेजी- मंदी रही। 
42% कंडीशन सरसों 
42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 6500 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा जबकि जयपुर में 125 रुपए की बढ़ोत्तरी के साथ 6650/6675 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा गया।
सामान्य औसत क्वालिटी की सरसों के दाम में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया क्योंकि पहले से ही ऊंचे स्तर पर मौजूद है। गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश की मंडियों में सरसों की कीमतों में 50 से 100 रुपए प्रति क्विंटल तक की तेजी-मंदी दर्ज की गई। 
आवक 
प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में सरसों की आवक 31 मई को 4.50 लाख बोरी, 2 जून को 5.50 लाख बोरी, 3 जून को 5.25 लाख और 4 जून को भी 5.25 लाख बोरी तथा 5 एवं 6 जून को 5-5 लाख बोरी दर्ज की गई जबकि प्रत्येक बोरी 50 किलो की होती है। 
सरसों तेल 
सरसों के भाव में सुधार आने तथा घरेलू मांग मजबूत रहने से सरसों तेल के दाम में 15 से 30 रुपए प्रति 10 किलो की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। सरसों तेल एक्सपेलर का भाव दिल्ली में 15 रुपए सुधरकर 1375 रुपए प्रति 10 किलो तथा चरखी दादरी में 20 रुपए बढ़कर 1390 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंचा। इसी तरह कच्ची घानी तेल का मूल्य जयपुर में 30 रुपए बढ़कर 1410 रुपए प्रति 10 किलो, भरतपुर में 20 रुपए सुधरकर 1400 रुपए प्रति 10 किलो, हापुड़ में 10 रुपए सुधरकर 1500/1530 रुपए एवं आगरा में 10 रुपए सुधरकर 1450 रुपए प्रति 10 किलो हो गया। 
सरसों खल (डीओसी) 
सरसों खल में घरेलू एवं निर्यात मांग कमजोर रही जिससे 20 से 80 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह डीओसी का कारोबार भी कुछ सुस्त रहा। सरसों की सरकारी खरीद की गति धीमी है क्योंकि प्रमुख मंडियों में भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य के करीब या इससे ऊपर है। मिलर्स और व्यापारी इसकी खरीद में अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।